क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि आजकल किसी की तस्वीर में सबसे पहले हमारी नजर उसके चेहरे की खूबियों पर नहीं, बल्कि उसकी कमियों पर जाती है? त्वचा पर कोई दाग दिख जाए या चेहरा हमारी कल्पना जैसा न हो, तो हम तुरंत अपनी राय बनाने लगते हैं। शायद खूबसूरती को देखने का हमारा नजरिया धीरे-धीरे बदल रहा है।
सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें देखना अब आम बात है, जिनमें चेहरा बिल्कुल साफ और त्वचा बेदाग नजर आती है। हम भी अपनी तस्वीरों में कभी रंग ठीक करते हैं, कभी चेहरे के दाग हटाते हैं और कभी कोई फिल्टर लगा लेते हैं। धीरे-धीरे इसकी आदत ऐसी हो गई है कि बिना फिल्टर वाली अपनी तस्वीर भी कई बार अच्छी नहीं लगती। बेदाग त्वचा, खूबसूरत चेहरा और हमेशा जवां दिखने की चाह में अब लोग कई तरह के तरीके अपनाने लगे हैं। बोटॉक्स और कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट भी अब कोई अनसुनी बात नहीं रह गई। किसी को अपने चेहरे के लिए क्या करना है, यह उसकी निजी पसंद है। लेकिन सोचने वाली बात यह है कि क्या अब हमें वही चेहरा खूबसूरत लगता है जिसमें कोई कमी दिखाई ही न दे?
इसी बीच रामायण फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रहीं Sai Pallavi के लुक को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। कुछ लोगों ने उनके चेहरे और रंग-रूप पर सवाल उठाए, तो कुछ को लगा कि वह माता सीता जैसी नहीं दिखतीं। उनकी आलोचना करने वालों की अपनी राय हो सकती है, लेकिन इस पूरे विवाद में एक बात ऐसी है जिस पर शायद हमने उतना ध्यान नहीं दिया।
आखिर माता सीता कैसी दिखती थीं, यह हममें से किसे पता है? हमने उन्हें कभी देखा नहीं। बचपन से कैलेंडरों, तस्वीरों और कहानियों में जो रूप देखते आए हैं, धीरे-धीरे वही हमारे मन में उनकी छवि बन गया। लेकिन जरूरी तो नहीं कि हमारी कल्पना में बनी तस्वीर ही अंतिम सच हो। फिर किसी अभिनेत्री के चेहरे को उसी तस्वीर से मिलाकर उसके लुक पर सवाल उठाना कितना सही है? माता सीता की छवि हमारे लिए सिर्फ उनके रूप तक सीमित नहीं है। उनके जीवन, धैर्य, साहस और आत्मसम्मान से जुड़ी कई बातें हैं, जिन्हें हम बचपन से सुनते आए हैं। ऐसे में पर्दे पर उनका किरदार निभाने वाली अभिनेत्री को सिर्फ चेहरे के आधार पर परखना थोड़ा अजीब लगता है। अभिनय कैसा है, किरदार को कितनी अच्छी तरह निभाया गया है, वेशभूषा और प्रस्तुति कैसी है, इन सब पर बात हो सकती है। हर दर्शक को अपनी पसंद रखने का हक है, लेकिन किसी के प्राकृतिक चेहरे का मजाक बनाना कहां तक सही है? शायद इस पूरे मामले को आज की खूबसूरती वाली सोच से अलग करके भी नहीं देखा जा सकता। हम ऐसी तस्वीरें देखने के आदी हो चुके हैं जिनमें त्वचा पर कोई दाग नहीं होता, चेहरा हमेशा चमकता रहता है और उम्र का असर भी दिखाई नहीं देता। असल जिंदगी में ऐसा होना जरूरी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया ने हमें एक ऐसी दुनिया दिखा दी है जहां सामान्य दिखना भी कई बार कम खूबसूरत लगने लगता है। किसी के चेहरे पर दाग होना, रंग सांवला होना या उम्र के साथ चेहरे में बदलाव आना बिल्कुल सामान्य बात है। फिर भी हम इन छोटी-छोटी बातों को छिपाने में लगे रहते हैं। परेशानी तब होती है जब हम अपने लिए ही नहीं, दूसरों के लिए भी खूबसूरती के वही पैमाने तय करने लगते हैं।
Sai Pallavi को पसंद करना या न करना दर्शकों की अपनी पसंद है। लेकिन किसी अभिनेत्री के चेहरे को लेकर उसे ट्रोल करना और उसके प्राकृतिक रूप को कमतर बताना ठीक नहीं है। आखिर हर चेहरा एक जैसा तो नहीं हो सकता और न ही होना चाहिए। कभी-कभी लगता है कि खूबसूरत दिखने की कोशिश में हम यह भूलते जा रहे हैं कि बिना फिल्टर और बिना किसी बनावट के भी कोई खूबसूरत हो सकता है। हर चेहरे को एक जैसा बनाने की जरूरत नहीं है। शायद हमें दूसरों के चेहरे में कमियां ढूंढने से पहले अपनी खूबसूरती की परिभाषा पर एक बार फिर सोचने की जरूरत है।

0 Comments