देश के युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने और उन्हें हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की एक प्रदर्शन ऑडिट रिपोर्ट में योजना के तहत लाभार्थियों के रिकॉर्ड, बैंक खातों, ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, फोटो साक्ष्यों और निगरानी व्यवस्था में कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ऑडिट में बिहार के गया जिले में आयोजित एक ट्रेनिंग बैच की तस्वीरों का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के एक दूसरे बैच के प्रमाण के रूप में भी पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, एक ही एजेंसी ने आठ राज्यों में 33,493 लोगों को अलग-अलग जॉब रोल में कौशल प्रमाणपत्र दिए थे। इन प्रमाणपत्रों के समर्थन में जमा किए गए फोटो साक्ष्यों में भी गंभीर गड़बड़ियां मिलीं।
CAG की यह रिपोर्ट Report No. 20 of 2025 – Skill Development under Pradhan Mantri Kaushal Vikas Yojana के नाम से जारी की गई है। इसमें योजना के पहले तीन चरणों यानी वर्ष 2015 से 2022 तक के कामकाज की जांच की गई है।
90 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक विवरण नहीं मिले
CAG की रिपोर्ट में सबसे गंभीर सवाल लाभार्थियों के बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर उठाया गया है।
ऑडिट के दौरान PMKVY 2.0 और 3.0 के कुल 95,90,801 प्रतिभागियों के डेटा की जांच की गई। इसमें 90,66,264 प्रतिभागियों के बैंक खाते से संबंधित जानकारी शून्य (Zero), Null, N/A या खाली पाई गई। यानी कुल 94.53 प्रतिशत प्रतिभागियों के रिकॉर्ड में बैंक खाते की सही जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
इतना ही नहीं, बाकी 5,24,537 प्रतिभागियों के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, 12,122 अलग-अलग बैंक अकाउंट नंबरों का इस्तेमाल 52,381 प्रतिभागियों के लिए दो या उससे अधिक बार किया गया था।
कुछ मामलों में एक ही बैंक अकाउंट नंबर का इस्तेमाल हजारों प्रतिभागियों के रिकॉर्ड में भी पाया गया।
इस स्थिति पर CAG ने सवाल उठाते हुए कहा कि उपलब्ध बैंक अकाउंट डेटा के आधार पर योजना के लाभार्थियों की वास्तविक पहचान को लेकर पर्याप्त भरोसा नहीं किया जा सकता।
गया और बहराइच में एक ही तस्वीरों से ट्रेनिंग का प्रमाण!
इस पूरी रिपोर्ट में बिहार के गया जिले से जुड़ा मामला विशेष रूप से ध्यान खींचता है।
CAG ने Neelima Moving Pictures नाम की एक एजेंसी के कामकाज की जांच की। रिपोर्ट के अनुसार, इस एजेंसी ने जनवरी 2020 से नवंबर 2020 के बीच आठ राज्यों में 21 अलग-अलग जॉब रोल के लिए कुल 33,493 प्रतिभागियों को कौशल प्रमाणपत्र दिए थे।
लेकिन जब ऑडिट टीम ने ट्रेनिंग और प्रमाणन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की तो 24 बैचों के फोटो साक्ष्यों में एक ही तस्वीरों का इस्तेमाल अलग-अलग राज्यों के बैचों के लिए पाया गया।
रिपोर्ट में इसका एक उदाहरण गया और उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से जुड़ा है।
- बैच नंबर 57241 – गया, बिहार
- बैच नंबर 67518 – बहराइच, उत्तर प्रदेश
CAG की रिपोर्ट में इन दोनों बैचों के लिए एक ही फोटो साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने का उदाहरण दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, Neelima Moving Pictures नाम की यह एजेंसी ऑडिट के दौरान 3 अक्टूबर 2022 को अस्तित्व में नहीं मिली। संबंधित सेक्टर स्किल काउंसिल ने बताया कि कोविड-19 के दौरान एजेंसी बंद हो गई थी।
मंत्रालय ने इस मामले में फोटो संबंधी गड़बड़ियों के पीछे मानवीय भूल, डेटाबेस के मिश्रण और कर्मचारियों में बदलाव जैसे कारण बताए थे। लेकिन ऑडिट में मंत्रालय द्वारा बाद में उपलब्ध कराए गए नए दस्तावेजों की जांच में भी कमियां पाई गईं।
33,493 लोगों को प्रमाणपत्र देने वाली एजेंसी की क्षमता पर भी सवाल
CAG की रिपोर्ट के मुताबिक, Neelima Moving Pictures के पास LinkedIn पर केवल 2 से 10 कर्मचारियों की संख्या दिखाई गई थी और उसके 143 फॉलोअर्स थे।
इसके बावजूद एजेंसी ने 21 जॉब रोल में 33,493 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए थे।
ऑडिट के दौरान मंत्रालय ने एजेंसी की पात्रता और उसके कामकाज के समर्थन में LinkedIn प्रोफाइल उपलब्ध कराई थी, लेकिन एजेंसी की योग्यता और वास्तविक क्षमता साबित करने के लिए अन्य आधिकारिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 24 संदिग्ध बैचों के 812 प्रतिभागियों में से केवल 694 की प्रोफाइल तस्वीरें और 132 के आधार विवरण उपलब्ध कराए गए। इनमें भी 58 प्रोफाइल तस्वीरों में दोहराव पाया गया।
सिर्फ एक एजेंसी नहीं, दूसरी संस्थाओं के रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी
CAG की जांच में केवल Neelima Moving Pictures का मामला सामने नहीं आया। रिपोर्ट में Radiate Designs, Present Media Pvt. Ltd. और Jaipur Cultural Society जैसी संस्थाओं के कामकाज में भी गंभीर अनियमितताएं दर्ज की गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार:
- Radiate Designs ने जनवरी और फरवरी 2020 के दौरान बिहार, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में 15,218 प्रतिभागियों को प्रमाणित करने का दावा किया था। ऑडिट में कंपनी के रजिस्ट्रेशन और वास्तविक कार्यालय की स्थिति पर सवाल उठे।
- Present Media Pvt. Ltd. द्वारा अलग-अलग प्रमाणन प्रक्रियाओं के लिए एक ही तस्वीरों का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आए।
- Jaipur Cultural Society के दस्तावेजों में मीडिया कवरेज के संपादित रिकॉर्ड और स्थानों एवं तारीखों में बदलाव जैसी गड़बड़ियां पाई गईं।
CAG ने इन मामलों को कौशल प्रमाणन प्रक्रिया में कमजोर आंतरिक नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था का उदाहरण बताया है।
एक ही निरीक्षक ने अलग-अलग राज्यों में एक दिन में किए निरीक्षण!
रिपोर्ट में निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
CAG ने NSDC के निरीक्षण से जुड़े 1,463 रिकॉर्ड की जांच की। इसमें 45 मामलों में अलग-अलग ट्रेनिंग के लिए एक ही तस्वीरों का इस्तेमाल पाया गया।
इसके अलावा, 80 ऐसे मामले सामने आए जिनमें एक ही NSDC निरीक्षक द्वारा एक ही दिन अलग-अलग राज्यों में कई स्थानों पर भौतिक निरीक्षण किए जाने की जानकारी दर्ज थी।
कुछ मामलों में एक ही निरीक्षक के नाम पर एक दिन में कई राज्यों में निरीक्षण की रिपोर्ट दर्ज थी। इससे निरीक्षण प्रक्रिया और उसके दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर सवाल उठे हैं।
1.10 करोड़ लोगों को प्रमाणपत्र, लेकिन रोजगार कितनों को मिला?
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार के योग्य बनाना और उन्हें उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देना है।
CAG के अनुसार, वर्ष 2015 से 2022 के बीच योजना के तीन चरणों पर लगभग 14,449 करोड़ रुपये का कुल परिव्यय निर्धारित था। इसमें से 10,194 करोड़ रुपये कार्यान्वयन एजेंसियों को जारी किए गए और 9,261 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
इस दौरान 1.32 करोड़ उम्मीदवारों को प्रशिक्षण और प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया था, जबकि 1.10 करोड़ उम्मीदवारों को प्रमाणित किया गया।
रोजगार के आंकड़े भी चिंता बढ़ाते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, Short-Term Training और Special Project के तहत प्रमाणित 56.14 लाख उम्मीदवारों में से केवल 23.18 लाख उम्मीदवारों को प्लेसमेंट मिला। यह कुल संख्या का लगभग 41 प्रतिशत है।
इसका मतलब है कि प्रमाणित उम्मीदवारों में से बड़ी संख्या के लिए प्लेसमेंट का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था।
मंत्रालय ने क्या जवाब दिया?
CAG की रिपोर्ट में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) का पक्ष भी शामिल किया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि योजना की अगली चरणों में पंजीकरण, पहचान और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई बदलाव किए गए हैं।
इनमें आधार आधारित e-KYC, उम्मीदवारों के नाम, उम्र, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर का सत्यापन तथा Skill India Digital Hub के माध्यम से प्रमाणन के बाद एक वर्ष तक उम्मीदवारों की स्थिति पर नजर रखने जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
फोटो में दोहराव के मामलों पर मंत्रालय ने मानवीय भूल और फोटो अपलोड करते समय हुई गड़बड़ियों का हवाला दिया। मंत्रालय के अनुसार, संबंधित सेक्टर स्किल काउंसिल को चेतावनी भी दी गई और भविष्य में ऐसी गलतियों को रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए गए।
हालांकि, CAG ने मंत्रालय के जवाबों की समीक्षा के बाद भी कई मामलों में उपलब्ध दस्तावेजों को पर्याप्त नहीं माना और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई।
श्रोत PDF: Report No. 20 of 2025 – Skill Development under Pradhan Mantri Kaushal Vikas Yojana।
सोशल मीडिया पर भी PMKVY रिपोर्ट को लेकर चर्चा
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) की CAG रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है। डिजिटल क्रिएटर तरुण कुमार केडिया (Tarun Kumar Kedia) ने भी इस मुद्दे पर एक विस्तृत वीडियो बनाया है, जिसमें उन्होंने रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों और योजना से जुड़े सवालों को विस्तार से समझाने की कोशिश की है।
तरुण कुमार केडिया राजनीति, सामाजिक मुद्दों और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी बात रखते हैं। पाठक इस विषय पर उनका वीडियो भी नीचे देख सकते हैं।
CAG ने सरकार को क्या सुझाव दिए?
रिपोर्ट में कौशल विकास योजना को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए कई सिफारिशें की गई हैं।
इनमें प्रमुख रूप से:
- प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगार बाजार की वास्तविक जरूरतों के अनुसार तैयार करना।
- लाभार्थियों की पहचान और पात्रता की जांच को मजबूत करना।
- ट्रेनिंग सेंटरों और प्रमाणन प्रक्रिया की नियमित निगरानी करना।
- डिजिटल रिकॉर्ड और फोटो साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की स्पष्ट व्यवस्था बनाना।
- योजना के तहत खर्च होने वाली राशि के वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करना।
- प्रशिक्षण के बाद युवाओं को मिले रोजगार की वास्तविक स्थिति की निगरानी करना।
युवाओं के भविष्य और सरकारी योजनाओं की विश्वसनीयता पर सवाल
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना देश के करोड़ों युवाओं को हुनरमंद बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई एक महत्वपूर्ण सरकारी योजना है। ऐसे में CAG की रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताएं केवल सरकारी रिकॉर्ड की गड़बड़ी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह सवाल भी उठाती हैं कि योजना के तहत प्रशिक्षण और प्रमाणन की वास्तविक गुणवत्ता कितनी सुनिश्चित की गई।
विशेष रूप से गया जिले से जुड़े बैच का उदाहरण बिहार के लिए भी महत्वपूर्ण है। हालांकि, रिपोर्ट में यह नहीं कहा गया है कि गया के सभी प्रशिक्षण केंद्रों या सभी लाभार्थियों के प्रमाणपत्र फर्जी थे। जांच में सामने आए मामलों को पूरे जिले या पूरी योजना पर लागू करना उचित नहीं होगा।
फिलहाल CAG की रिपोर्ट ने योजना के क्रियान्वयन, निगरानी और प्रमाणन व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी और भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?





0 Comments