आज कुछ लिखने बैठी थी। हाथ में पेंसिल थी और लिखते-लिखते अचानक उस पर ध्यान चला गया। हम सभी ने कभी न कभी पेंसिल का इस्तेमाल किया होगा, लेकिन शायद ही कभी उसके बारे में इतना सोचा हो। एक छोटी-सी पेंसिल, जो लिखते-लिखते घिसती जाती है, बार-बार छीलने पर छोटी होती जाती है, फिर भी अपना काम करती रहती है। उसे देखते हुए लगा कि इसकी कुछ बातें तो हमारी जिंदगी से भी मिलती-जुलती हैं।
हम अक्सर जिंदगी को समझने के लिए बड़े अनुभवों, बड़ी बातों और बड़ी सीखों की तलाश करते हैं। जबकि कई बार जवाब हमारे सामने ही होता है, बस हमारा ध्यान उस पर नहीं जाता। एक छोटी-सी पेंसिल को ही देख लीजिए। उसकी बनावट से लेकर उसके घिसने और फिर भी लिखते रहने तक, हर बात में जीवन का एक अलग अर्थ छिपा है।
कहते हैं, जब एक पेंसिल बनाई गई, तो उसके बनाने वाले ने उससे पांच बातें कहीं। पहली, तुम बहुत कुछ अच्छा कर पाओगी, लेकिन इसके लिए तुम्हें किसी के हाथ में रहना होगा। दूसरी, तुम्हें समय-समय पर तराशा जाएगा। यह थोड़ा मुश्किल जरूर होगा, लेकिन इससे तुम पहले से बेहतर बनोगी। तीसरी, तुम अपनी गलतियों को मिटाने की ताकत रखोगी। चौथी, तुम्हारी असली कीमत तुम्हारे रंग या आकार में नहीं, बल्कि तुम्हारे भीतर मौजूद उस नोक में है, जिससे तुम लिखती हो। और पांचवीं, तुम जहां भी रहो, वहां अपनी एक छाप जरूर छोड़ना।
जरा सोचिए, एक छोटी-सी पेंसिल की कहानी में जीवन को समझने की कितनी बातें छिपी हैं।
हम अपनी जिंदगी का कितना समय खुद को दूसरों की नजरों में अच्छा बनाने में लगा देते हैं। हमारा पहनावा कैसा है, हमारी बातें कितनी अच्छी हैं, लोग हमारे बारे में क्या सोचते हैं और हम उन्हें कितने सफल दिखाई देते हैं। इन सबके बीच कई बार हम खुद से यह पूछना भूल जाते हैं कि हम असल में कैसे इंसान हैं? क्योंकि दुनिया के सामने अच्छा दिखना और किसी के लिए अच्छा इंसान होना, दोनों में बहुत फर्क है। हमारे पास कितना पैसा है, हम किस गाड़ी में चलते हैं, हमारा घर कितना बड़ा है या समाज में हमारा कितना नाम है, ये सब हमारी उपलब्धियां हो सकती हैं, लेकिन हमारी असली पहचान नहीं। किसी के पास बहुत कुछ हो, लेकिन उसके व्यवहार में दूसरों के लिए इज्जत न हो, उसकी बातों में सच्चाई न हो और उसके मन में किसी का दुख समझने की जगह न हो, तो फिर उस चमक का क्या मतलब?
आज हम 'Valuables' यानी कीमती चीजें पाने की दौड़ में इतने आगे निकल गए हैं कि 'Values' यानी जीवन के मूल्यों को संभालना भूलते जा रहे हैं। हम बड़ा घर चाहते हैं, अच्छी गाड़ी चाहते हैं, महंगे कपड़े चाहते हैं, लेकिन क्या कभी उतनी ही मेहनत अपने भीतर एक अच्छा इंसान बनने के लिए भी करते हैं? घर की खूबसूरती उसकी दीवारों से नहीं, उसमें रहने वाले लोगों के प्यार से होती है। रिश्तों की कीमत महंगे तोहफों से नहीं, बल्कि उस अपनेपन से होती है जो मुश्किल वक्त में महसूस होता है। किसी का हाल पूछ लेना, उसकी बात बिना टोके सुन लेना और जरूरत पड़ने पर उसके साथ खड़े रहना भी बहुत बड़ी बात होती है।
पेंसिल की एक और बात बहुत कुछ सोचने पर मजबूर करती है। वह लिखते-लिखते छोटी होती जाती है। उसकी लकड़ी घिसती है, उसकी नोक टूटती है और उसे बार-बार छीलना पड़ता है। फिर भी वह लिखना बंद नहीं करती। शायद उसका काम सिर्फ अपने पास बने रहना नहीं, बल्कि किसी खाली पन्ने को कुछ शब्द देना है। इंसान की जिंदगी भी कुछ ऐसी ही है। समय के साथ हम भी बदलते हैं। कभी कोई अपना हमारी सोच बदल देता है, कभी कोई असफलता हमें अपनी गलती समझा देती है और कभी जिंदगी का कोई कठिन दौर हमें उन बातों का मतलब समझा जाता है, जिन्हें हम पहले नजरअंदाज कर देते थे। हर अनुभव अच्छा नहीं होता। कुछ बातें दिल में रह जाती हैं, कुछ लोग दूर हो जाते हैं और कुछ सपने अधूरे रह जाते हैं। लेकिन इन सबके बीच हम बहुत कुछ सीखते भी हैं। शायद यही जिंदगी का तराशना है। हर बार परिस्थितियां हमारे मुताबिक नहीं होतीं, लेकिन उनके बीच हम खुद को थोड़ा और समझना जरूर सीख सकते हैं।
पेंसिल की एक खूबी यह भी है कि उससे लिखी गई गलती को मिटाया जा सकता है। वह एक गलती को अपनी पूरी पहचान नहीं बनने देती। इंसान भी तो गलतियों से ही सीखता है। कभी हमारे फैसले गलत होते हैं, कभी हम किसी अपने की बात समझ नहीं पाते और कभी अपने ही शब्दों से किसी का दिल दुखा देते हैं। लेकिन जरूरी यह नहीं कि हमसे कभी गलती न हो, जरूरी यह है कि गलती समझ आने पर हम उसे स्वीकार कर सकें। क्योंकि कई बार एक छोटी-सी माफी उस दूरी को कम कर सकती है, जिसे हमारे अहंकार ने बहुत बढ़ा दिया होता है। और सबसे जरूरी बात, पेंसिल चाहे बाहर से कितनी भी सुंदर क्यों न हो, अगर उसके भीतर लिखने की नोक ही नहीं है, तो उसकी सुंदरता किसी काम की नहीं। ठीक वैसे ही, हमारा बाहरी व्यक्तित्व कितना भी अच्छा क्यों न हो, अगर हमारे भीतर सच्चाई, ईमानदारी, प्यार और दूसरों के लिए सम्मान नहीं है, तो हमारी सारी चमक अधूरी है। इंसान की असली खूबसूरती इस बात में नहीं कि वह अपने बारे में कितना अच्छा बोलता है, बल्कि इस बात में है कि उसके साथ रहने वाले लोग उसके बारे में क्या महसूस करते हैं। शायद हमें भी अपनी जिंदगी में पेंसिल की तरह होना चाहिए। जहां रहें, वहां कुछ अच्छा लिखकर आएं। जरूरी नहीं कि हम हर किसी की जिंदगी बदल दें या किसी के लिए कुछ बहुत बड़ा कर पाएं। कभी किसी का हौसला बढ़ा देना, किसी की परेशानी में उसके साथ बैठ जाना या बिना किसी मतलब के किसी की मदद कर देना भी काफी होता है। हो सकता है हमें खुद पता भी न चले कि हमारी एक छोटी-सी बात किसी के लिए कितनी बड़ी बन गई।
पेंसिल तो एक दिन छोटी होकर खत्म हो जाती है, लेकिन उससे लिखे शब्द वहीं रह जाते हैं। इंसान भी एक दिन चला जाता है, लेकिन उसकी कही कुछ बातें, उसका दिया प्यार और उसके साथ बिताए कुछ पल दूसरों के मन में रह जाते हैं। आखिर में कोई यह हिसाब नहीं रखता कि पेंसिल कितनी लंबी थी, याद तो वही रहता है जो उसने अपने पीछे लिखा। शायद इंसान के साथ भी ऐसा ही है। हमारी जिंदगी कितनी लंबी थी, हमने कितना कमाया या कितनी पहचान बनाई, ये बातें एक दिन पीछे छूट जाएंगी। लेकिन हमने किसी के साथ कैसा व्यवहार किया, किसी के बुरे वक्त में कितना साथ दिया और किसी की जिंदगी में कितनी अच्छाई छोड़ी, यही बातें हमारी पहचान बनकर रह जाएंगी। क्योंकि खूबसूरत जिंदगी वह नहीं जिसमें सिर्फ अपने लिए बहुत कुछ लिखा गया हो, बल्कि वह है जिसके कुछ शब्द किसी और के दिल में भी हमेशा के लिए रह जाएं।

0 Comments