आज सुबह मैं अपने रोज़ के काम से निकली थी। रास्ते में सब कुछ रोज़ जैसा ही था। लोग अपने-अपने काम में लगे थे और मैं भी मन में कई छोटी-बड़ी बातें सोचते हुए आगे बढ़ रही थी। तभी रास्ते में एक पलटी हुई बस दिखाई दी। अचानक उस ओर नज़र गई तो कुछ पल के लिए मन वहीं ठहर गया। सड़क पर बस पलटी हुई थी और उसके आसपास लोगों की भीड़ जमा थी। हर तरफ बेचैनी और घबराहट का माहौल था।
उस बस में बच्चे भी थे और बुज़ुर्ग भी। यह सोचकर ही मन भारी हो गया कि वे सभी भी तो सुबह अपने घरों से बिल्कुल सामान्य तरीके से निकले होंगे। किसी ने घर से निकलते समय कहा होगा कि जल्दी लौट आना, किसी ने अपने बच्चों को तैयार किया होगा। किसी के घर में कोई उनके लौटने का इंतज़ार कर रहा होगा। सबकी अपनी छोटी-बड़ी योजनाएँ रही होंगी। किसी ने भी घर से निकलते समय यह नहीं सोचा होगा कि दिन का अंत इस तरह हो सकता है। मैं वहाँ से आगे तो बढ़ गई, लेकिन वह दृश्य मन से नहीं निकला। रास्ते भर यही सोचती रही कि हम कितने भरोसे के साथ हर सुबह घर से निकलते हैं। हमें लगता है कि अपने काम पूरे करके वापस लौट आएँगे, अपनों से फिर बातें होंगी और जिंदगी अगले दिन भी इसी तरह चलती रहेगी। शायद इसी भरोसे में हम यह भूल जाते हैं कि आने वाला पल भी हमारे हाथ में नहीं है।
उस घटना के बाद मन में कई बातें आने लगीं। हम अपनी जिंदगी में कितना कुछ बाद के लिए छोड़ देते हैं। किसी अपने से बात करनी हो तो सोचते हैं कि बाद में कर लेंगे। किसी से नाराज़ हैं तो कई-कई दिनों तक बात नहीं करते। मन में कुछ कहना होता है, लेकिन अहंकार बीच में आ जाता है। हम इंतज़ार करते हैं कि पहले सामने वाला बात करे, पहले वही अपनी गलती माने। हमें पूरा भरोसा होता है कि शाम को फिर मिलेंगे, कल फिर बात होगी और सब ठीक करने का मौका मिलेगा।
लेकिन क्या कभी हमने सोचा है कि जिस कल के भरोसे हम आज की बातें टाल रहे हैं, उसका कोई वादा नहीं है?
हम कितनी छोटी-छोटी बातों को अपने मन में जगह दे देते हैं। कभी किसी की कही हुई बात बुरी लग जाती है, कभी किसी का व्यवहार और कभी सिर्फ इस बात पर बातचीत बंद कर देते हैं कि पहले वह हमसे बात क्यों नहीं कर रहा। हम अपनी ज़िद पर अड़े रहते हैं। कई बार सामने वाला भी इंतज़ार करता रहता है और हम भी। दोनों के बीच बस एक बातचीत की दूरी होती है, लेकिन कोई पहल नहीं करना चाहता। यह ज़रूरी नहीं कि हर रिश्ते में सब कुछ ठीक ही हो या हर नाराज़गी को भुला दिया जाए। कुछ बातें सच में तकलीफ देती हैं और कुछ दूरियाँ ज़रूरी भी होती हैं। लेकिन जिन रिश्तों में समझने और समझाने की गुंजाइश है, वहाँ सिर्फ अपने अहंकार की वजह से चुप रहना भी तो ठीक नहीं। आखिर हम किस बात का इंतज़ार कर रहे होते हैं? उस एक फोन का, एक संदेश का या फिर सामने वाले के पहले झुकने का?
हम अपनी जिंदगी में भी कितना कुछ टालते रहते हैं। पढ़ाई पूरी हो जाए तो चैन से जिएँगे, नौकरी मिल जाए तो अपनों के साथ समय बिताएँगे और अपने पैरों पर खड़े हो जाएँगे तो अपनी पसंद की जिंदगी जिएँगे। हम भविष्य के लिए मेहनत करते रहते हैं और इसमें कुछ गलत भी नहीं है। हर किसी के अपने सपने और जिम्मेदारियाँ हैं। लेकिन कभी-कभी इसी भागदौड़ में हम आज हमारे पास जो है, उसकी अहमियत भूल जाते हैं। घर में परिवार के साथ बैठकर कुछ देर बातें करना, माँ की किसी छोटी-सी बात पर हँस देना, पिता के साथ कुछ पल बिताना, भाई-बहन से बेवजह की बहस करना या किसी दोस्त का अचानक हाल पूछ लेना। ये सब बातें हमें बहुत सामान्य लगती हैं, शायद इसलिए कि ये रोज़ हमारी जिंदगी का हिस्सा हैं। हमें लगता है कि ये सब हमेशा ऐसे ही चलता रहेगा।
लेकिन जिंदगी में किसी चीज़ के हमेशा बने रहने का भरोसा कहाँ है?
आज उस बस को देखकर मेरे मन में यह भी आया कि वहाँ मौजूद हर इंसान की अपनी एक दुनिया होगी। कोई अपने परिवार के लिए जी रहा होगा, कोई अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोच रहा होगा और कोई अपने सपनों को पूरा करने में लगा होगा। हम किसी अनजान व्यक्ति को सड़क पर देखते हैं तो शायद ही कभी सोचते हैं कि उसकी भी अपनी एक पूरी कहानी है। उसके भी अपने लोग हैं, अपनी खुशियाँ हैं और अपनी परेशानियाँ हैं। उस दिन यह बात कुछ ज्यादा ही महसूस हुई।
हम अक्सर सोचते हैं कि जिंदगी की बड़ी खुशियाँ ही सबसे जरूरी हैं। लेकिन सच तो यह है कि रोज़मर्रा की छोटी-छोटी बातें भी बहुत कीमती होती हैं। सुबह घर से निकलना, शाम को वापस लौटना, अपनों को अपने सामने देखना और उनके साथ बैठकर दिनभर की बातें करना। इन सबको हम इतनी सामान्य बात मान लेते हैं कि कभी इनके लिए शुक्रिया कहना भी जरूरी नहीं समझते। मैं यह नहीं कहती कि जिंदगी की सारी परेशानियाँ भूलकर हर समय खुश रहना चाहिए। परेशानियाँ रहेंगी, नाराज़गी भी होगी और कई बार मन की बातें कह पाना आसान नहीं होगा। लेकिन इतना तो कर ही सकते हैं कि अपने लोगों को यह महसूस कराएँ कि वे हमारे लिए कितने जरूरी हैं। कभी बिना किसी वजह के उनका हाल पूछ लें, कभी अपनी गलती मान लें और कभी सिर्फ इसलिए बात कर लें क्योंकि वे हमारे अपने हैं।
आज की उस घटना ने मेरे मन में कई बातें छोड़ दीं। दिन तो आगे बढ़ गया, लेकिन वह दृश्य बार-बार याद आता रहा। सोचती रही कि हम कितनी बार घर से निकलते हुए बिना कुछ कहे चले जाते हैं, कितनी बार अपनों की बातों को अनसुना कर देते हैं और कितनी बार यह सोचकर किसी से बात करना टाल देते हैं कि कल बात कर लेंगे। हम सबके पास कल के लिए बहुत सारी योजनाएँ हैं, बहुत से सपने हैं और बहुत-सी अधूरी बातें भी। उन्हें पूरा करने की कोशिश जरूर करनी चाहिए। बस इस कोशिश में आज को इतना पीछे न छोड़ दें कि एक दिन पीछे मुड़कर देखें तो लगे कि जिंदगी तो बीत गई, लेकिन हम उसे जीना ही भूल गए। शायद उस सुबह का वह दृश्य मुझे लंबे समय तक याद रहेगा। इसलिए नहीं कि उसने मुझे जिंदगी के बारे में कोई नई बात बताई, बल्कि इसलिए कि जो बात हम सब जानते हैं, उसे एक बार फिर बहुत करीब से महसूस करा दिया। हम सबको लगता है कि हमारे पास अभी बहुत समय है। शायद इसी सोच में हम अपनों से बहुत कुछ कहना भूल जाते हैं। और क्या पता, जिस बात को हम आज यह सोचकर टाल रहे हैं कि कल कह देंगे, उसे कहने का मौका दोबारा मिले भी या नहीं।

0 Comments