कभी खुद को गौर से देखा है? हम दूसरों से कितनी आसानी से कह देते हैं कि ऐसा मत करो, यह ठीक नहीं है। किसी को समझाते हैं कि हर बात दिल पर नहीं लेनी चाहिए, तो कभी कहते हैं कि जो चीज तकलीफ देती है, उससे दूरी बना लेनी चाहिए। किसी को सलाह देते हैं कि रिश्तों में अपनी बात खुलकर कहनी चाहिए, लेकिन जब खुद की बारी आती है तो कई बातें मन में ही रख लेते हैं। आखिर ऐसा क्यों होता है कि दूसरों को समझाते वक्त हमें सब कुछ इतना साफ दिखाई देता है, लेकिन अपनी जिंदगी में वही बातें अपनाना मुश्किल हो जाता है?
हम कहते हैं कि अब किसी से बेवजह उम्मीद नहीं रखेंगे, लेकिन फिर भी किसी के एक फोन या मैसेज का इंतजार करते रहते हैं। कहते हैं कि किसी के बदल जाने से हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन उसके बदले हुए व्यवहार को बार-बार याद करते हैं। हम चाहते हैं कि लोग हमारी बात समझें, हमारी गलतियों को माफ करें और हमारी परिस्थितियों को भी देखें। लेकिन कभी-कभी सामने वाला वही उम्मीद लेकर हमारे पास आता है, तो हम उसे समझने की कोशिश भी नहीं करते। कभी किसी की कोई आदत हमें बहुत बुरी लगती है। हम सोचते हैं कि हम कभी किसी के साथ ऐसा नहीं करेंगे। लेकिन कुछ समय बाद खुद को उसी तरह व्यवहार करते हुए पाते हैं। कभी हम किसी को उसकी गलती का एहसास दिलाते हैं, लेकिन जब कोई हमारी गलती बताता है तो हमें वह बात अच्छी नहीं लगती। और कई बार तो हमें यह भी समझ नहीं आता कि जिस बात से हमें दूसरों में परेशानी होती है, वही बात हमारे व्यवहार का हिस्सा कैसे बन गई। यह सब हमेशा जानबूझकर नहीं होता। कई बार हम वही करते रहते हैं, जिसका विरोध कभी खुद किया था। हमें इसका एहसास भी नहीं होता। फिर किसी दिन कोई हमारी कही हुई पुरानी बात याद दिला देता है या हम खुद किसी घटना के बारे में सोचते हुए अपनी गलती पकड़ लेते हैं। उस वक्त मन में एक ही सवाल आता है कि जब मुझे खुद पता था, तो फिर मैंने ऐसा क्यों किया? थोड़ी शर्मिंदगी होती है, खुद पर गुस्सा आता है और मन ही मन तय करते हैं कि अब ऐसा दोबारा नहीं होगा। लेकिन कुछ समय बाद जिंदगी फिर हमें उसी जगह लाकर खड़ा कर देती है।
मनोविज्ञान में इस तरह के मानसिक टकराव को Cognitive Dissonance कहा जाता है। इस सिद्धांत को मनोवैज्ञानिक Leon Festinger ने 1957 में दिया था। आसान भाषा में समझें तो जब हमारे विचारों, विश्वासों और व्यवहार के बीच तालमेल नहीं होता, तो मन में एक तरह की असहजता पैदा होती है। हम किसी बात को सही या गलत मानते हैं, लेकिन हमारा व्यवहार उससे अलग होता है।
इसे एक आसान उदाहरण से समझ सकते हैं। हम सभी जानते हैं कि Smoking सेहत के लिए हानिकारक है। इसके नुकसान भी किसी से छिपे नहीं हैं, फिर भी कुछ लोग धूम्रपान करते हैं। उन्हें पता है कि यह उनके लिए ठीक नहीं है, लेकिन फिर भी वे ऐसा करते हैं। यहां उनकी जानकारी कुछ और कहती है और उनका व्यवहार कुछ और होता है। इसकी वजह आदत या निकोटीन की निर्भरता भी हो सकती है। इसी तरह कई बार हम अपनी जिंदगी में भी जानते कुछ हैं, कहते कुछ हैं और कर कुछ और रहे होते हैं।
शादी को लेकर भी हमारी सोच और व्यवहार में कई बार अंतर दिखाई देता है। हम कहते हैं कि शादी दो लोगों की बराबर की साझेदारी होनी चाहिए, जहां दोनों एक-दूसरे की बात समझें, एक-दूसरे के सपनों को महत्व दें और घर की जिम्मेदारियां भी मिलकर निभाएं। लेकिन जब बात अपनी या अपने परिवार की आती है, तो कभी-कभी हम उन्हीं पुरानी सोच और परंपराओं का साथ देने लगते हैं, जिन पर दूसरों के लिए सवाल उठाते हैं। हम चाहते हैं कि शादी में प्यार और सम्मान को सबसे ज्यादा महत्व मिले, लेकिन कई बार अपने फैसले लेते समय इस बात को भूलकर सिर्फ यह सोचने लगते हैं कि समाज क्या कहेगा।
एक उदाहरण शादी के बाद दोनों परिवारों के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को लेकर भी देखा जा सकता है। अगर कोई दामाद अपने सास-ससुर का ध्यान रखता है, उनकी जरूरतों को समझता है और मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ा रहता है, तो हम उसकी खूब तारीफ करते हैं। हमें लगता है कि यह कितनी अच्छी बात है कि वह अपनी पत्नी के माता-पिता को भी उतना ही सम्मान और अपनेपन देता है। लेकिन जब यही बात एक बेटे के संदर्भ में आती है, जब उससे उम्मीद की जाती है कि वह अपनी पत्नी के माता-पिता का भी हाल पूछे, उनकी जरूरतों का ध्यान रखे और उन्हें अपने परिवार का हिस्सा समझे, तो कई बार यही सोच बदल जाती है। अचानक जिम्मेदारियों के मायने अलग हो जाते हैं। जिस अपनेपन को हम एक दामाद में देखकर अच्छा मानते हैं, वही अपनापन अपने बेटे से उम्मीद करना कई लोगों को सहज नहीं लगता। आखिर रिश्तों में बराबरी की बात करते हुए हम यह क्यों भूल जाते हैं कि जिस सम्मान और अपनेपन की उम्मीद हम अपनी बेटी के ससुराल से करते हैं, वही दूसरे की बेटी के मायके को भी मिलना चाहिए?
ऐसी स्थिति में कई बार हम खुद ही समझ नहीं पाते कि आखिर करें तो क्या करें। मन जानता है कि क्या सही है, लेकिन व्यवहार में उसे अपना पाना आसान नहीं होता। कभी लगता है कि अब इस बात को यहीं छोड़ देना चाहिए, तो कभी वही बात फिर मन में आने लगती है। कभी किसी आदत को बदलने का फैसला करते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर उसी पुराने तरीके पर लौट जाते हैं। एक तरफ हमारी सोच होती है, जो हमें कुछ और करने को कहती है और दूसरी तरफ हमारी भावनाएं और आदतें, जो हमें उसी जगह रोके रखती हैं। शायद इंसान होने का एक हिस्सा यह भी है कि हम हमेशा वैसे नहीं रह पाते, जैसा खुद को समझते हैं। हमसे गलतियां होती हैं, हम अपनी कही हुई बातों से पीछे हटते हैं और कभी-कभी दूसरों को वही तकलीफ दे बैठते हैं, जिससे खुद बचना चाहते हैं। लेकिन परेशानी तब होती है, जब हम हर बार अपनी गलती को नजरअंदाज कर देते हैं और यह सोचने की कोशिश ही नहीं करते कि सामने वाले ने उस बात को किस तरह महसूस किया होगा।
मुझे लगता है, कभी-कभी हमें दूसरों को दी गई अपनी ही सलाह याद करनी चाहिए। जिन बातों को हम किसी और को समझाते हैं, एक बार उन्हें खुद पर भी लागू करके देखना चाहिए। क्या हम भी उतना ही समझते हैं, जितनी समझदारी की उम्मीद दूसरों से करते हैं? क्या हम दूसरों को भी अपनी गलतियां सुधारने का उतना ही मौका देते हैं, जितना खुद के लिए चाहते हैं? और क्या हम अपनी कही हुई बातों पर सच में चल पाते हैं?
हम जो कहते हैं, वह भी हमारी ही सोच का हिस्सा है और जो करते हैं, वह भी हम ही करते हैं। शायद इसी वजह से कभी-कभी खुद को समझना भी इतना आसान नहीं होता। हम दूसरों से जिस समझदारी, धैर्य और अपनेपन की उम्मीद करते हैं, जरूरी नहीं कि हर बार वही उन्हें दे भी पाएं। कई बार हमें अपनी गलती का एहसास होता है, लेकिन उसे स्वीकार करना आसान नहीं लगता। और कई बार हम यह भी नहीं समझ पाते कि हमारी सोच और हमारा व्यवहार एक-दूसरे से इतने अलग क्यों हैं। शायद इस पूरे मानसिक टकराव को समझने की शुरुआत वहीं से होती है, जब हम दूसरों के व्यवहार पर सवाल उठाने से पहले एक बार अपने भीतर झांकते हैं। क्योंकि हम सभी के पास अपनी कही हुई बातें होती हैं, अपने बनाए हुए उसूल होते हैं और कुछ ऐसे व्यवहार भी, जो उन बातों से बिल्कुल मेल नहीं खाते। आखिरकार, खुद को जानना सिर्फ यह जानना नहीं है कि हम क्या सोचते हैं या क्या मानते हैं, बल्कि यह भी देखना है कि हमारी सोच हमारे व्यवहार में कितनी दिखाई देती है। और कभी-कभी यह सवाल ही हमें अपने बारे में ऐसी बातें बता जाता है, जिन पर हमने पहले कभी ध्यान नहीं दिया।

0 Comments