BREAKING NEWS
|
ताज़ा ख़बरें लोड हो रही हैं...

छठ का ठेकुआ: परंपरा, स्वाद और बदलते बाजार की कहानी

 


त्योहारों की कुछ खुशबुएं ऐसी होती हैं, जिन्हें हम सालों बाद भी नहीं भूल पाते। छठ के दिनों में रसोई से आती गुड़ और घी की खुशबू भी कुछ ऐसी ही होती है। घर में सबका इकट्ठा होना, ठेकुआ बनाने की तैयारी और कोई आटे की लोई तैयार कर रहा है तो कोई सांचे से उसे आकार दे रहा है। उस समय शायद हमें अंदाजा भी नहीं होता कि ये छोटे-छोटे दृश्य एक दिन हमारी सबसे प्यारी यादों का हिस्सा बन जाएंगे।

छठ और ठेकुआ का रिश्ता सिर्फ प्रसाद तक सीमित नहीं है। यह बिहार के घरों की ऐसी परंपरा है, जिसमें आस्था के साथ परिवार और पीढ़ियों का जुड़ाव भी दिखाई देता है। गेहूं को धोकर सुखाने से लेकर उसे पिसवाने और फिर ठेकुआ तैयार करने तक, हर काम में खास ध्यान रखा जाता है। छठ के प्रसाद की शुद्धता को लेकर परिवारों में हमेशा से विशेष सावधानी बरती जाती रही है। यही वजह है कि इसे बनाने की तैयारी भी कई दिन पहले से शुरू हो जाती है। घर के लोग मिलकर इसे तैयार करते थे। कोई आटा गूंथता, कोई सांचे से उसका आकार बनाता और कोई तलने का काम संभालता। उस समय इन छोटी-छोटी बातों की अहमियत शायद समझ नहीं आती थी, लेकिन बड़े होने पर महसूस होता है कि त्योहारों की असली रौनक इन्हीं पलों में छिपी थी।

समय के साथ बहुत कुछ बदल गया है। लोगों की दिनचर्या बदली है और त्योहारों की तैयारियों का तरीका भी। पहले जहां ज्यादातर घरों में ठेकुआ खुद बनाया जाता था, वहीं अब बाजार में भी इसकी मांग दिखाई देने लगी है। छठ के आसपास कई दुकानों पर ठेकुआ मिलने लगा है। कुछ लोग घरों में इसे तैयार करके ऑर्डर पर बेचते हैं, तो कुछ छोटे कारोबारी इसे अपने व्यवसाय का हिस्सा बना रहे हैं। जिन परिवारों के पास प्रसाद तैयार करने का समय नहीं होता, उनके लिए बाजार से इसे खरीदना एक विकल्प बन गया है।

ठेकुआ का घरों से निकलकर बाजार तक पहुंचना केवल बदलती पसंद की कहानी नहीं है। इसके साथ रोजगार की एक छोटी-सी संभावना भी जुड़ी है। खासकर उन लोगों के लिए, जिन्हें इसे बनाने का वर्षों का अनुभव है। घर की जिम्मेदारियों के बीच अपने हुनर से कुछ कमाने की इच्छा रखने वालों के लिए यह एक शुरुआत बन सकती है। त्योहार के दिनों में मिलने वाले ऑर्डर से वे घर बैठे अपना छोटा कारोबार शुरू कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए बाजार तक पहुंच, उचित कीमत और मेहनत के अनुसार कमाई मिलना भी जरूरी है।

छठ का त्योहार वैसे भी सिर्फ पूजा करने वाले परिवारों तक सीमित नहीं रहता। इससे बहुत से लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी होती है। कोई सूप और दउरा बनाता है, कोई मिट्टी के बर्तन तैयार करता है, तो कोई फल और पूजा सामग्री बेचता है। त्योहार के आते ही इन छोटे कारोबारों में भी हलचल बढ़ जाती है। ऐसे में ठेकुआ का कारोबार भी इसी बदलती आर्थिक तस्वीर का हिस्सा बन रहा है।लेकिन इस पूरी कहानी के बीच एक बात है, जिसे शायद बाजार के आंकड़ों में नहीं समझा जा सकता। घर में मां या दादी के हाथों से तैयार ठेकुआ का अपना अलग ही एहसास होता है। बाजार से खरीदा हुआ प्रसाद अपनी जगह है, लेकिन घर में बनते ठेकुए के साथ परिवार की कितनी ही यादें जुड़ी होती हैं। उसमें उन हाथों की मेहनत होती है, जो कई दिनों पहले से तैयारी में जुट जाते हैं। उसमें वह इंतजार भी होता है, जब बच्चे बार-बार पूछते हैं कि ठेकुआ कब बनेगा।

आज ठेकुआ चूल्हे से निकलकर बाजार तक पहुंच रहा है। इससे किसी को रोजगार मिल रहा है, तो किसी को अपने हुनर को पहचान देने का अवसर। यह बदलाव अच्छा है और समय के साथ परंपराओं का नए रूप में सामने आना भी जरूरी है। लेकिन उम्मीद यही है कि बाजार में इसकी मांग बढ़ने के साथ घरों में इसे बनाने की वह पुरानी परंपरा भी बनी रहे।क्योंकि कुछ चीजें सिर्फ खरीदी नहीं जातीं, उनके साथ यादें जुड़ी होती हैं। ठेकुआ भी उन्हीं में से एक है। हो सकता है आने वाले समय में इसकी पैकिंग बदले, इसे बनाने के तरीके बदलें और यह बड़े बाजारों तक पहुंचे। लेकिन छठ की सुबह जब प्रसाद की टोकरी में ठेकुआ रखा जाएगा, तब शायद किसी को अपनी मां के हाथ याद आएंगे, किसी को दादी की रसोई और किसी को अपना वह बचपन, जब त्योहार का मतलब बस घर में सबका एक साथ होना था। शायद यही किसी परंपरा की सबसे बड़ी खूबसूरती है कि वक्त बदल जाता है, लोग बड़े हो जाते हैं, घरों की जिम्मेदारियां बदल जाती हैं, लेकिन कुछ स्वाद ऐसे होते हैं जो हमें बार-बार वहीं ले जाते हैं, जहां से हमारी सबसे प्यारी यादें शुरू हुई थीं।

Post a Comment

0 Comments