BREAKING NEWS
|
ताज़ा ख़बरें लोड हो रही हैं...

बाल दिवस: बड़े होने की जल्दी में पीछे छूट गया बचपन

 


बचपन में जब किसी बड़े को देखते थे, तो मन में अक्सर आता था, ''वाह! क्या जिंदगी है इनकी। न होमवर्क की चिंता, न स्कूल जाने की जल्दी और न ही कोई हर बात पर टोकने वाला। अपनी मर्जी से कहीं भी जा सकते हैं।'' हमें लगता था कि बड़े होने के बाद जिंदगी कितनी आसान हो जाती होगी। उस समय बस जल्दी से बड़ा होने का मन करता था। लेकिन अब बड़े होकर समझ आता है कि जिंदगी उतनी आसान भी नहीं थी, जितनी दूर से दिखाई देती थी। उस छोटी-सी उम्र में हमारी अपनी दुनिया ही कितनी अच्छी थी।

याद है, जब होमवर्क करना किसी बड़े काम से कम नहीं लगता था? मन तो खेलने का होता था, लेकिन कॉपी-किताब लेकर बैठना पड़ता था। कभी सोचते थे कि थोड़ी देर बाद करेंगे, तो कभी मां की आवाज सुनकर जल्दी-जल्दी पूरा करने लगते थे। उस समय लगता था कि बस एक बार बड़े हो जाएं, फिर न होमवर्क की टेंशन होगी और न पढ़ाई के लिए कोई बार-बार टोकेगा। लेकिन आज लगता है कि काश जिंदगी की परेशानियां भी उतनी ही छोटी होतीं, जितनी उस समय होमवर्क की लगती थीं।

स्कूल के दिन भी कितने अच्छे थे। दोस्तों के साथ बैठना, टिफिन शेयर करना, क्लास में हंसना और टीचर के बाहर जाते ही बातें शुरू कर देना। हमारे स्कूल में बाल दिवस पर बाल मेला भी लगता था। टीचर्स अलग-अलग स्टॉल लगाते थे और हम बच्चों के लिए वह दिन किसी त्योहार से कम नहीं होता था। खाने-पीने की चीजें, दोस्तों के साथ इधर-उधर घूमना और अपनी पसंद के स्टॉल पर जाकर कुछ खरीदना। उस दिन टीचर्स भी अपनी क्लास वाली भूमिका से थोड़े अलग नजर आते थे। हम बस यही सोचते थे कि काश ऐसा दिन बार-बार आए। तब कहां पता था कि स्कूल के ये छोटे-छोटे पल आगे चलकर इतनी याद आएंगे।

बचपन में छोटी-छोटी चीजों से ही कितनी खुशी मिल जाती थी। मनपसंद खाना बन जाए तो दिन अच्छा हो जाता था। कहीं घूमने जाने की बात हो जाए तो कई दिनों तक उसी की खुशी रहती थी। नए कपड़े मिलते थे तो उन्हें पहनने का इंतजार रहता था। आज सोचती हूं तो लगता है कि उन दिनों खुश होने के लिए बहुत कुछ नहीं चाहिए था। छोटी-सी बात भी पूरे दिन को खास बना देती थी।

शायद बचपन की सबसे अच्छी बात यही थी कि उस समय हमें बहुत ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं पड़ती थी। न किसी से आगे निकलने की जल्दी थी और न हर दिन कुछ साबित करने का दबाव। जो सामने था, उसी में खुश हो लेते थे। तब यह कहां पता था कि बड़े होने के साथ कितनी सारी जिम्मेदारियां भी आ जाएंगी।

लेकिन बचपन की बातें करते हुए उन बच्चों को भी याद करना चाहिए, जिन्हें वह बचपन नसीब नहीं होता जिसकी यादें हम आज अपने भीतर संजोए बैठे हैं। हमारे आसपास कई बच्चे ऐसे हैं जिनकी उम्र स्कूल जाने और दोस्तों के साथ खेलने की है, लेकिन वे छोटी उम्र में ही काम करने लगते हैं। कोई दुकान पर हाथ बंटाता है, कोई ढाबे पर काम करता है और कोई घर की जिम्मेदारियों में अपने माता-पिता का साथ देता है। उनके मन में भी खेलने, घूमने और पढ़ने की इच्छा होती होगी। शायद वे भी कभी सोचते हों कि उनका दिन भी स्कूल जाने और दोस्तों के साथ बिताने में गुजरे।

हर परिवार की परिस्थितियां एक जैसी नहीं होतीं। कई बार आर्थिक परेशानियां बच्चों की पढ़ाई और उनके बचपन के बीच आ जाती हैं। बाल श्रम रोकने और बच्चों को शिक्षा का अधिकार देने के लिए कानून भी हैं। फिर भी यह जरूरी है कि कोई बच्चा सिर्फ अपनी परिस्थितियों की वजह से पढ़ाई और अपने सपनों से दूर न रह जाए।

14 नवंबर आते ही स्कूलों में बाल दिवस की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। कहीं बच्चे रंग-बिरंगे कपड़ों में नजर आते हैं, कहीं खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, तो कहीं मिठाइयां बांटी जाती हैं। बच्चों की हंसी और उनकी छोटी-छोटी खुशियां देखकर अपने स्कूल के दिन भी याद आ जाते हैं। लेकिन बाल दिवस सिर्फ एक दिन बच्चों के नाम कर देने का दिन नहीं है। यह याद करने का भी दिन है कि हर बच्चे को अपना बचपन जीने का मौका मिले। उसके हाथों में किताबें हों, आंखों में सपने हों और उसके पास खेलने-कूदने के लिए भी वक्त हो। बचपन किसी बच्चे से उसकी परिस्थितियों के कारण छिनना नहीं चाहिए।

कभी किसी छोटे बच्चे को खेलते हुए देखती हूं तो मन में बस यही आता है कि इसे अभी बड़े होने की जल्दी न हो। खूब खेले, शरारतें करे, दोस्तों से झगड़े और फिर उन्हीं के साथ हंसे। अभी इसे जिंदगी की बड़ी-बड़ी चिंताओं के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है।

आज भी जब कभी अपने स्कूल के पास से गुजरती हूं, तो उन दिनों की याद आ जाती है। वही स्कूल, वही रास्ता, लेकिन अब वहां पहले की तरह दोस्तों के साथ हंसते-बोलते हुए जाना नहीं होता। कभी मन करता है कि एक बार फिर उसी स्कूल के अंदर जा सकूं, अपनी क्लास देख सकूं और उन जगहों को फिर से देख सकूं, जहां न जाने कितनी छोटी-छोटी यादें जुड़ी हैं। तब हमें इस बात की समझ नहीं थी कि ये दिन इतने खास हैं। जल्दी बड़ी होने की पड़ी थी, लेकिन आज पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि काश, बचपन के कुछ दिन और जी पाती।

Post a Comment

0 Comments