बिहार में त्योहारों की बात हो तो सबसे पहले छठ का नाम याद आता है। लेकिन बिहार की संस्कृति सिर्फ कुछ बड़े और प्रसिद्ध त्योहारों तक सीमित नहीं है। यहां के अलग-अलग इलाकों की अपनी भाषा, लोकगीत, कला और परंपराएं हैं। ऐसी ही एक खूबसूरत परंपरा है मिथिला का सामा-चकेवा, जिसके बारे में बिहार के दूसरे हिस्सों में रहने वाले बहुत से लोगों को शायद पता तक न हो। कार्तिक का महीना आते ही मिथिला के बाजारों में एक अलग ही रौनक दिखाई देने लगती है। मिट्टी से बनी छोटी-छोटी मूर्तियां, रंग-बिरंगे पक्षी और उनसे जुड़ी दूसरी आकृतियां बाजारों में सजने लगती हैं। कुम्हार इन्हें बड़े प्यार से बनाते हैं। घरों में भी इनकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं। यह सिर्फ मिट्टी की मूर्तियां खरीदने का मौका नहीं होता, बल्कि एक ऐसी परंपरा की शुरुआत होती है जिसका इंतजार हर साल किया जाता है।
छठ के बाद से सामा-चकेवा का उत्सव शुरू होता है। शाम होते ही लड़कियां और महिलाएं दउरा लेकर इकट्ठा होती हैं। मिट्टी की मूर्तियों को सजाया जाता है और फिर मैथिली लोकगीतों की आवाज गूंजने लगती है। इन गीतों में भाई-बहन के रिश्ते, प्रेम, शिकायतें और लोकजीवन की कई बातें सुनने को मिलती हैं। कई जगहों पर बच्चे भी इस उत्सव में शामिल होते हैं। धीरे-धीरे यह शाम का एक ऐसा हिस्सा बन जाता है, जहां गीतों के साथ हंसी और आपसी मेलजोल भी जुड़ जाता है। इस पर्व के पीछे सामा और चकेवा की एक ऐसी लोककथा है, जिसमें भाई-बहन के प्रेम की गहरी झलक मिलती है। लोककथा के अनुसार, सामा भगवान श्रीकृष्ण की बेटी थीं। उन्हें जंगल में ऋषियों के पास जाते देखकर किसी ने उनके बारे में गलत बातें फैला दीं। बिना सच्चाई जाने श्रीकृष्ण ने उन्हें पक्षी बन जाने का श्राप दे दिया। सामा के साथ हुआ यह अन्याय उनके भाई चकेवा से देखा नहीं गया। उन्होंने अपनी बहन को फिर से उनका पुराना रूप दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया। चकेवा के प्रेम और लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार सामा को श्राप से मुक्ति मिली। इस कहानी में सिर्फ एक भाई का अपनी बहन के लिए किया गया संघर्ष नहीं, बल्कि यह भी दिखाई देता है कि मुश्किल समय में अपनों का साथ कितना मायने रखता है
इस लोककथा में चुगला का भी जिक्र आता है। चुगला को उस व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, जो दूसरों के बारे में झूठी बातें फैलाता है और रिश्तों में गलतफहमियां पैदा करता है। सामा पर लगाए गए झूठे आरोपों की वजह से ही उन्हें इतना कुछ सहना पड़ा था। इसलिए सामा-चकेवा की परंपरा में चुगला को भी जगह मिली। उसकी मूर्ति बनाई जाती है और लोकगीतों में उसका जिक्र भी बड़े दिलचस्प अंदाज़ में किया जाता है। कई जगहों पर चुगला की मूंछ जलाने की रस्म भी निभाई जाती है। यह रस्म झूठ और चुगली करने वालों के प्रति लोगों की नाराजगी जताने का एक लोक तरीका है। इस तरह एक पुरानी कहानी आज भी गीतों और छोटी-छोटी रस्मों के जरिए लोगों के बीच जीवित है।सामा-चकेवा सिर्फ मूर्तियां बनाने और गीत गाने तक सीमित नहीं है। इसके साथ उन कुम्हार परिवारों की मेहनत भी जुड़ी है, जो हर साल इन आकृतियों को तैयार करते हैं। मिट्टी को आकार देना, उन्हें सुखाना और फिर रंगों से सजाना, इसमें काफी समय और मेहनत लगती है। त्योहार के बहाने उनकी कला और मेहनत को भी जगह मिलती है।
कुछ दिनों तक चलने वाले इस पर्व का समापन कार्तिक पूर्णिमा के दिन होता है। उस दिन सामा-चकेवा को विदा करते हुए अगले साल फिर से इस उत्सव के लौटने का इंतज़ार शुरू हो जाता है। शायद सामा-चकेवा की सबसे खूबसूरत बात यही है कि यहां एक भाई अपनी बहन के लिए लड़ता है और सदियों पुरानी वही कहानी आज भी गीतों में सुनाई देती है। आज भी जब मिथिला की लड़कियां शाम को दउरा लेकर बैठती हैं और सामा-चकेवा के गीत गाती हैं, तो वे सिर्फ एक रस्म नहीं निभा रही होतीं, बल्कि उस कहानी को भी आगे बढ़ा रही होती हैं, जिसे उनकी मां और दादी ने कभी उन्हें सुनाया होगा। वक्त बदला, पीढ़ियां बदलीं, लेकिन सामा और चकेवा की यह कहानी अब भी लोगों के घरों और यादों में अपनी जगह बनाए हुए है। और शायद किसी परंपरा के जिंदा रहने का इससे अच्छा तरीका और क्या होगा कि लोग उसे सिर्फ जानते ही नहीं, बल्कि हर साल अपने जीवन का हिस्सा भी बनाते हैं।


0 Comments