गुरु का नाम सुनते ही हमारे मन में सबसे पहले किसी ऐसे व्यक्ति की तस्वीर आती है, जिसने हमें कुछ सिखाया हो। कभी स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक याद आते हैं, कभी कॉलेज के वो सर-मैम, जिनकी बातें आज भी याद हैं। उनकी कही हुई कोई छोटी-सी बात, कोई सीख या फिर किसी गलती पर समझाने का उनका तरीका। लेकिन क्या गुरु होने का मतलब सिर्फ इतना ही है कि कोई हमें किताबों का ज्ञान दे या सही-गलत का फर्क समझाए? क्या जिंदगी में हमें कुछ सिखाने वाला हर इंसान किसी स्कूल या कॉलेज से ही मिलेगा? मुझे लगता है, नहीं। क्योंकि जिंदगी में हमें बहुत कुछ ऐसे लोगों से सीखने को मिलता है, जिन्हें शायद हमने कभी अपना गुरु माना ही नहीं। कभी कोई दोस्त हमें कुछ सिखा जाता है, कभी घर का कोई सदस्य, कभी कोई अनजान इंसान और कभी-कभी तो कोई ऐसा बच्चा भी, जिसे हम खुद से बहुत छोटा समझते हैं। हम उनसे सीख तो लेते हैं, लेकिन उन्हें गुरु कहने के बारे में शायद कभी सोचते ही नहीं। शायद हमारे मन में गुरु की एक तय तस्वीर बनी हुई है। हमें लगता है कि गुरु वही हो सकता है जो हमसे उम्र में बड़ा हो, जिसे हमसे ज्यादा जानकारी हो या जो हमें किसी विषय के बारे में बता सके। जबकि जिंदगी की सीख तो कहीं से भी मिल सकती है। बस दिक्कत ये है कि कई बार सीख हमारे सामने होती है, लेकिन हम उसे समझ नहीं पाते। हमसे कोई बड़ा कुछ कहे तो उसकी बात ध्यान से सुन लेते हैं। लगता है कि उसने हमसे ज्यादा दुनिया देखी है, इसलिए उसकी बात में अनुभव होगा। लेकिन अगर कोई हमसे छोटा कुछ कह दे, तो मन में तुरंत सवाल आता है कि अब इससे हम क्या सीखेंगे? या अभी इसे दुनिया की समझ ही कितनी है? शायद इसी सोच में हम कई बार उन बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो हमारे लिए मायने रख सकती थीं।
कभी किसी बच्चे को देखिए। वो कितनी आसानी से खुश हो जाता है। थोड़ी देर पहले किसी बात पर नाराज था और फिर कुछ ही देर में उसी दुनिया में वापस हंसने लगता है। हम बड़े होते-होते छोटी-छोटी बातों को भी अपने मन में कितना बड़ा बना लेते हैं। किसी की कही हुई बात महीनों याद रखते हैं, किसी की गलती माफ करने में साल लगा देते हैं और किसी पुराने दुख को छोड़ना भी मुश्किल लगता है। वहीं बच्चों को देखकर लगता है कि शायद हर बात को इतना मन पर लेना जरूरी नहीं होता। कभी-कभी उनकी छोटी-छोटी आदतें भी हमें बहुत कुछ समझा जाती हैं।
इसी तरह हमारे दोस्त भी हमें बहुत कुछ सिखाते हैं। दोस्ती में हम कभी ये सोचकर किसी के करीब नहीं आते कि हमें उससे कुछ सीखना है। लेकिन साथ रहते-रहते जाने कितनी चीजें एक-दूसरे से सीख जाते हैं। कोई हमें मुश्किल वक्त में किसी का साथ देना सिखाता है, कोई अपनी गलती मान लेना, कोई खुद के लिए खड़ा होना और कोई ये कि हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं होता। कई बार दोस्त की कही हुई कोई बात उस वक्त तो सामान्य लगती है, लेकिन सालों बाद किसी मुश्किल घड़ी में अचानक याद आ जाती है।
और फिर जिंदगी... शायद हमारी सबसे बड़ी गुरु। वो बिना किसी किताब के बहुत कुछ सिखा देती है। कभी किसी रिश्ते के जरिए, कभी किसी गलती के जरिए और कभी ऐसे अनुभवों से, जिनके बारे में हमने पहले कभी सोचा भी नहीं होता। कुछ बातें उसी वक्त समझ आ जाती हैं और कुछ को समझने में काफी वक्त लग जाता है। कई बार किसी पुराने फैसले को याद करते हुए लगता है कि उस समय अगर हमें ये बात समझ आ गई होती, तो शायद हम कुछ अलग करते। लेकिन शायद कुछ बातें समय के साथ ही समझ आती हैं।
हम अक्सर कहते हैं कि अब हमारी उम्र थोड़ी है सीखने की? या अब हमें कौन कुछ सिखाएगा? जैसे सीखने की भी कोई उम्र होती है। बचपन में हम बिना झिझक पूछ लेते थे कि ये कैसे होता है? लेकिन बड़े होने के बाद कई बार कुछ पूछने में भी झिझक होने लगती है। हमें लगता है कि अब तक तो ये सब आना ही चाहिए। शायद इसी वजह से हम कई बार कुछ नया सीखने से पीछे रह जाते हैं। जबकि सच तो ये है कि इंसान कितना भी बड़ा हो जाए, उसके पास सीखने के लिए हमेशा कुछ न कुछ बचा रहता है।
गुरु का मतलब सिर्फ वो इंसान नहीं है जो हमें किताबों की बातें समझाए या किसी विषय का ज्ञान दे। कभी कोई हमें हमारी गलती समझा जाता है, कभी कोई मुश्किल वक्त में हमारा साथ देकर बहुत कुछ सिखा जाता है और कभी किसी की एक छोटी-सी बात हमारे सोचने का तरीका बदल देती है। जरूरी नहीं कि हर बार हमें खुद भी पता हो कि हम किसी से कुछ सीख रहे हैं। कई बार तो उस इंसान को भी नहीं पता होता कि उसकी कही हुई बात हमारे लिए कितनी मायने रखती है। शायद गुरु की यही खूबसूरती है कि वो हमेशा किसी एक रूप में हमारे सामने नहीं आते। कभी कोई दोस्त अपनी किसी बात से कुछ सिखा जाता है, कभी घर का कोई सदस्य और कभी कोई ऐसा इंसान, जिससे हमारी मुलाकात शायद दोबारा भी न हो। कई बार हमें उस वक्त एहसास भी नहीं होता कि हम कुछ सीख रहे हैं। बस वक्त बीतता है और किसी दिन वही बात अचानक याद आ जाती है। तब समझ आता है कि उस इंसान से मिली सीख आज भी हमारे साथ है।

0 Comments