BREAKING NEWS
|
ताज़ा ख़बरें लोड हो रही हैं...

डिग्री के बाद नौकरी क्यों नहीं मिलती? Freshers के सामने अनुभव की चुनौती

 नौकरी की तलाश में जब भी किसी वेबसाइट पर कोई विज्ञापन दिखाई देता है, तो मन में एक उम्मीद जागती है कि शायद इस बार बात बन जाए। लेकिन कुछ ही पंक्तियाँ पढ़ने के बाद नज़र एक ऐसी शर्त पर जाकर रुक जाती है, जो न जाने कितने युवाओं की उम्मीद को वहीं रोक देती है—दो साल का कार्य अनुभव। अब सवाल यह है कि जिस युवा ने अभी-अभी अपनी पढ़ाई पूरी की है, वह दो साल का अनुभव लेकर कहाँ से आए? यह परेशानी आज बहुत से युवाओं की है। कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद उनके मन में कई सपने होते हैं। कोई अपने परिवार की आर्थिक मदद करना चाहता है, कोई अपनी जरूरतों के लिए घरवालों पर निर्भर नहीं रहना चाहता, तो कोई बस अपनी मेहनत से कुछ बनना चाहता है। लेकिन जब नौकरी की तलाश शुरू होती है, तो धीरे-धीरे समझ आने लगता है कि डिग्री हासिल करना और नौकरी पाना दो अलग-अलग बातें हैं।

पढ़ाई के दिनों में अक्सर यही सुनने को मिलता है कि अच्छे से पढ़ाई करो, डिग्री हासिल करो और अपने भविष्य को बेहतर बनाओ। युवा भी इसी उम्मीद के साथ सालों मेहनत करते हैं। लेकिन पढ़ाई पूरी होने के बाद जब वे नौकरी की दुनिया में कदम रखते हैं, तो कई बार उन्हें अपनी तैयारी अधूरी लगने लगती है। कॉलेज में जो कुछ सीखा, उसे काम में कैसे इस्तेमाल करना है, इसकी जानकारी हर किसी को नहीं मिल पाती। किताबों में पढ़ी बातें और दफ्तर में होने वाला काम कई बार एक-दूसरे से काफी अलग होते हैं।

यहाँ सवाल सिर्फ़ युवाओं की तैयारी का नहीं, हमारी शिक्षा व्यवस्था का भी है। क्या कॉलेज की पढ़ाई छात्रों को नौकरी के लिए तैयार करने में उतनी मदद कर पाती है, जितनी उससे उम्मीद की जाती है? कुछ कॉलेजों में इंटर्नशिप और काम सीखने के मौके मिलते हैं, लेकिन हर छात्र को ऐसे मौके नहीं मिलते। कई बार इंटर्नशिप भी सिर्फ़ एक प्रमाणपत्र हासिल करने तक सीमित रह जाती है। छात्र को यह तो पता होता है कि उसने इंटर्नशिप पूरी कर ली है, लेकिन उसे असल में कितना काम सीखने को मिला, यह एक अलग सवाल है।

दूसरी ओर, कंपनियों की अपनी जरूरतें हैं। वे ऐसे लोगों को काम पर रखना चाहती हैं जिन्हें पहले से काम की जानकारी हो और जिन्हें हर छोटी बात समझाने में समय न लगे। यह बात अपनी जगह सही है, लेकिन जब लगभग हर कंपनी पहले से अनुभव माँगती है, तो नए युवा शुरुआत कहाँ से करें? किसी काम को सीखे बिना उसमें अच्छा होना संभव नहीं है। और काम सीखने के लिए किसी को पहला मौका देना भी जरूरी है।

इस परेशानी का एक और पहलू है, जिसके बारे में अक्सर ज्यादा बात नहीं होती। हर युवा के पास बड़े शहर में जाकर नौकरी खोजने या लंबे समय तक बिना सैलरी के इंटर्नशिप करने की सुविधा नहीं होती। छोटे शहरों में रहने वाले युवाओं के सामने पहले से ही काम के सीमित मौके होते हैं। अगर वे बाहर जाकर काम करना चाहते हैं, तो रहने, खाने और आने-जाने का खर्च भी देखना पड़ता है। परिवार की आर्थिक स्थिति हर किसी को यह सुविधा नहीं देती कि वह कई महीनों तक बिना कमाई के सिर्फ़ अनुभव हासिल करने के लिए काम करता रहे। कई युवाओं के लिए नौकरी सिर्फ़ अपने करियर की शुरुआत नहीं होती, बल्कि घर की जिम्मेदारियों में हाथ बँटाने का एक जरिया भी होती है। वे पढ़ाई पूरी होने के बाद जल्द से जल्द कुछ करना चाहते हैं। लेकिन जब हर जगह अनुभव की शर्त सामने आती है, तो उनकी कोशिशें बार-बार रुक जाती हैं। कभी आवेदन का जवाब नहीं आता, कभी इंटरव्यू तक पहुँचने का मौका नहीं मिलता और कभी इंटरव्यू में यह पूछ लिया जाता है कि आपने इससे पहले कहाँ काम किया है?

ऐसे में एक और सवाल सामने आता है। क्या किसी युवा की काबिलियत का अंदाजा सिर्फ़ उसके पिछले काम के अनुभव से लगाया जा सकता है? हो सकता है कि उसके पास किसी कंपनी में काम करने का अनुभव न हो, लेकिन उसने अपनी पढ़ाई के दौरान कई प्रोजेक्ट किए हों, नई चीजें सीखी हों और खुद को बेहतर बनाने की कोशिश की हो। हर हुनर किसी नौकरी के अनुभव से ही नहीं आता। कई बार किसी व्यक्ति में सीखने की इच्छा और जिम्मेदारी समझने की क्षमता भी होती है। जरूरत है कि कंपनियाँ नए लोगों को अपनी योग्यता दिखाने का मौका दें। हालाँकि, युवाओं की भी अपनी कुछ जिम्मेदारियाँ हैं। केवल डिग्री के भरोसे नौकरी का इंतजार करते रहना काफी नहीं है। पढ़ाई के साथ अपनी पसंद के क्षेत्र में नए कौशल सीखना, छोटे प्रोजेक्ट करना और इंटर्नशिप के मौके तलाशना भी जरूरी है। लेकिन इसके लिए सही जानकारी और अच्छे मौके मिलना भी उतना ही जरूरी है। हर युवा को अपने आसपास ऐसे लोग या संस्थान नहीं मिलते जो उसे सही दिशा दिखा सकें।

इस पूरी प्रक्रिया में एक बात और है, जिसे शायद नौकरी की तलाश कर रहे युवा सबसे ज्यादा महसूस करते हैं। वह है घरवालों के सवाल। पढ़ाई पूरी होने के बाद जब रिश्तेदार या आसपास के लोग पूछते हैं कि नौकरी लगी या नहीं, तो कई बार उनके पास कोई जवाब नहीं होता। घर में भी माता-पिता की उम्मीदें होती हैं। वे अपने बच्चों को आगे बढ़ते देखना चाहते हैं, लेकिन शायद उन्हें यह अंदाजा नहीं होता कि नौकरी ढूँढ़ना भी अपने आप में कितना लंबा और मुश्किल काम बन चुका है। जो युवा रोज़ नौकरी के लिए आवेदन कर रहा है, वह हमेशा खाली नहीं बैठा होता। हो सकता है कि वह दिनभर अलग-अलग वेबसाइट पर मौके तलाश रहा हो, अपना रिज्यूमे सुधार रहा हो, इंटरव्यू की तैयारी कर रहा हो और हर नए आवेदन के साथ एक नई उम्मीद जोड़ रहा हो। बाहर से देखने वाले को लग सकता है कि वह अभी तक कुछ नहीं कर पाया, लेकिन उसकी कोशिशें शायद किसी को दिखाई नहीं देतीं।

यह भी जरूरी नहीं कि हर युवा को पहली ही कोशिश में नौकरी मिल जाए। लेकिन लगातार कोशिश करने के बाद भी जब कोई रास्ता नहीं दिखता, तो मन में कई सवाल आने लगते हैं। क्या मेरी डिग्री की कोई कीमत नहीं? क्या मुझमें ही कोई कमी है? क्या इतनी पढ़ाई के बाद भी मुझे शुरुआत करने का मौका नहीं मिलेगा? इन सवालों का जवाब हर किसी के पास नहीं होता। कई बार युवा खुद भी नहीं समझ पाता कि आगे क्या करे और किस दिशा में जाए। शायद अब जरूरत इस बात की है कि नौकरी देने वाली कंपनियाँ नए युवाओं को भी सीखने और काम करने का मौका दें। कॉलेजों में ऐसी पढ़ाई और अभ्यास पर ध्यान दिया जाए जो छात्रों को काम की दुनिया से जोड़ सके। इंटर्नशिप को केवल प्रमाणपत्र देने का जरिया न बनाया जाए, बल्कि वहाँ सच में काम सीखने का मौका मिले। और सबसे जरूरी, नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं की मेहनत को भी समझा जाए। 

हर युवा अपनी पहली नौकरी के साथ सिर्फ़ एक नई शुरुआत नहीं चाहता। वह चाहता है कि सालों की पढ़ाई के बाद अब उसके घरवाले भी उस पर गर्व कर सकें, वह अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए किसी से पैसे माँगने के बजाय खुद खर्च कर सके और उसे भी महसूस हो कि उसकी मेहनत सही दिशा में जा रही है। शायद वह कोई बहुत बड़ी चीज़ नहीं माँग रहा, बस एक ऐसा मौका चाहता है जहाँ से वह अपने सपनों की तरफ पहला कदम बढ़ा सके।हम अक्सर कहते हैं कि आज के युवाओं में हुनर की कमी है, लेकिन कभी यह भी पूछना चाहिए कि उन्हें अपना हुनर दिखाने का मौका कितना मिला? हर किसी से पहले दिन अनुभवी होने की उम्मीद नहीं की जा सकती। किसी को तो शुरुआत करने का मौका देना ही होगा। क्योंकि जिस दिन हम नए युवाओं को सिर्फ़ उनकी डिग्री से नहीं, बल्कि उनकी सीखने की इच्छा और मेहनत से भी पहचानना शुरू करेंगे, उस दिन शायद बहुत से सपनों को नौकरी के विज्ञापनों में लिखी एक शर्त के आगे रुकना नहीं पड़ेगा।

Post a Comment

0 Comments