BREAKING NEWS
|
ताज़ा ख़बरें लोड हो रही हैं...

Dowry Calculator और समाज की वह सोच, जो आज भी नहीं बदली

 आजकल आपने कई तरह के कैलकुलेटर देखे होंगे। कोई महीने भर के खर्च का हिसाब बताता है, तो कोई EMI का। लेकिन क्या आपने कभी ऐसे कैलकुलेटर के बारे में सुना है, जो किसी लड़के की पढ़ाई, नौकरी और कमाई के आधार पर उसकी शादी में मिलने वाले दहेज का हिसाब लगाने की बात करता हो?

बेटी की शादी तय होने के बाद एक घर में बहुत कुछ बदलने लगता है। मां अलमारी में रखे पुराने गहने निकालकर देखती है, पिता अपनी बचत का हिसाब लगाने लगता है। कौन-सी चीज पहले खरीदनी है, किसके लिए कितने पैसे रखने हैं, शादी में क्या-क्या देना है… इन सबके बीच घर में एक अलग ही हलचल रहती है। बाहर से देखने पर यह सब शादी की तैयारियां लगती हैं, लेकिन कई माता-पिता के मन में एक चिंता भी चल रही होती है—बस बेटी को वहां कोई कमी न सुननी पड़े। शायद इसी चिंता को हम धीरे-धीरे इतना सामान्य मान चुके हैं कि अब इस पर सवाल भी कम उठते हैं। लड़का क्या करता है, कितनी कमाई है, सरकारी नौकरी है या प्राइवेट, परिवार कितना संपन्न है… शादी की बातचीत में इन बातों के साथ कई बार यह भी तय होने लगता है कि लड़की के घर से क्या और कितना आएगा। जैसे किसी इंसान की पढ़ाई और नौकरी ने उसे जीवनसाथी नहीं, बल्कि दहेज तय करने का कोई पैमाना बना दिया हो।

इसी सोच को लेकर साल 2024 में Shaadi.com से जुड़े DowrAI नाम की एक सुविधा की चर्चा हुई थी। इसे Anupam Mittal ने सामने रखा था। पहली नजर में लगता था कि यह लड़के की नौकरी और कमाई के आधार पर दहेज की रकम बताएगा। लेकिन इसमें जानकारी भरने के बाद कोई रकम नहीं दिखाई जाती थी। इसके बजाय दहेज से जुड़ी मौतों के आंकड़े सामने आते थे। यानी जिस चीज को लोग शादी का हिसाब समझ रहे थे, उसके पीछे छिपे एक गंभीर सच की ओर ध्यान दिलाने की कोशिश थी। लेकिन क्या दहेज की सोच सचमुच सिर्फ उन परिवारों में है, जहां पैसों की कमी है? ऐसा बिल्कुल नहीं है। दहेज की मांग किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रही। कई बार पढ़े-लिखे, आर्थिक रूप से संपन्न और ऊंचे पदों पर बैठे लोगों के परिवारों में भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। भोपाल का ट्विशा शर्मा मामला इसका एक हालिया उदाहरण है। इस मामले में एक पूर्व महिला न्यायाधीश और उनके वकील बेटे पर दहेज उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोप लगे हैं। मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है, इसलिए आरोपों को साबित हुआ तथ्य नहीं कहा जा सकता। लेकिन इस घटना ने फिर यह सोचने पर मजबूर किया कि डिग्रियां और ऊंचे पद हासिल कर लेने भर से क्या इंसान की सोच भी बदल जाती है?

अक्सर दहेज की बात होने पर कुछ लोग कहते हैं कि हमने तो कुछ मांगा ही नहीं, लड़की के माता-पिता ने अपनी खुशी से दिया है। लेकिन क्या हर बार यह सच होता है? क्या किसी पिता को अपनी बेटी की शादी में अपनी बचत से ज्यादा खर्च करने की चिंता यूं ही होने लगती है? क्या मां को बार-बार यह सोचने की जरूरत पड़ती कि कौन-सी चीज देनी रह गई, अगर उसे किसी तरह की उम्मीद या दबाव का डर न हो? हर चीज मांगकर ही नहीं ली जाती। कई बार उम्मीदें इतनी साफ होती हैं कि उन्हें शब्दों में कहने की जरूरत भी नहीं पड़ती। माता-पिता अपनी बेटी को विदा करते समय उसके साथ कपड़े, गहने और जरूरत का सामान जरूर भेजते हैं। यह उनका प्यार है, उनकी इच्छा है। लेकिन जब इन्हीं चीजों को लड़की के सम्मान से जोड़ दिया जाता है, जब कम सामान आने पर उसे ताने सुनने पड़ते हैं, तब वह प्यार एक बोझ में बदल जाता है। और उस बोझ का वजन सिर्फ सामान खरीदने वाले माता-पिता ही समझ सकते हैं। भारत में दहेज लेना और देना कानूनन अपराध है। दहेज निषेध अधिनियम, 1961 के तहत इस पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं। शायद इसलिए कि कानून ने दहेज को अपराध तो बना दिया, लेकिन समाज के एक हिस्से ने अब भी इसे अपनी परंपरा, प्रतिष्ठा और अधिकार समझ रखा है। शादी में कितना खर्च हुआ, क्या-क्या मिला, किसने कितने गहने दिए—इन बातों की चर्चा आज भी कई घरों में होती है।

एक बात सोचने वाली है। जिस बेटी को माता-पिता इतने सालों तक अपने घर में प्यार से पालते हैं, उसकी पढ़ाई, पसंद और छोटी-बड़ी जरूरतों का ध्यान रखते हैं, उसी बेटी की शादी के समय अचानक उसके साथ आने वाली चीजों का हिसाब क्यों होने लगता है? क्या उसका अपना होना, उसका स्वभाव, उसकी समझ और उसके सपने किसी भी सामान से कम हैं?

शादी के बाद बेटी अपने नए घर में खुश रहे, उसे किसी बात की तकलीफ न हो, यही तो हर माता-पिता चाहते हैं। फिर भी न जाने कितने माता-पिता बेटी को विदा करने के बाद भी इस डर में रहते हैं कि कहीं कम सामान देने की वजह से उसे कुछ सुनना न पड़े। सोचने वाली बात है कि जिस रिश्ते में एक लड़की को उसके अपनेपन और प्यार के साथ स्वीकार किया जाना चाहिए, वहां उसके साथ आए सामान की चर्चा इतनी जरूरी क्यों हो जाती है? आखिर शादी किसी घर में सामान भेजने का नाम तो नहीं है।

Post a Comment

0 Comments