कभी-कभी किसी के बारे में हमारी बनाई हुई एक अच्छी धारणा, उसकी कही हुई कुछ बातों के बाद बदलने लगती है। ऐसा ही कुछ मेरे साथ हुआ। मेरी एक दोस्त की शादी को देखकर हमेशा लगता था कि वह कितनी खुशकिस्मत है। अपनी पसंद का रिश्ता, दोनों परिवारों की सहमति और बिना किसी बड़ी परेशानी के शादी। मुझे लगता था कि उसकी जिंदगी की शुरुआत कितनी अच्छी हुई है। लेकिन जब एक दिन उसने मुझे अपनी शादी के बाद की कुछ बातें बताईं, तो समझ आया कि जो तस्वीर बाहर से इतनी खूबसूरत दिखती है, उसके पीछे भी कुछ ऐसी बातें हो सकती हैं, जिनका अंदाजा हमें नहीं होता।
उसकी शादी से पहले भी कई तरह की बातें हुई थीं। कभी किसी ने दोनों परिवारों के बीच गलतफहमी पैदा करने की कोशिश की, तो कभी रिश्ते को लेकर सवाल उठाए गए। लेकिन दोनों ने इन बातों को संभाला और आखिरकार परिवारों की सहमति से शादी हुई। बाहर से देखने पर सब कुछ ठीक लग रहा था। हालांकि, शादी की तैयारियों के दौरान ही पैसों को लेकर ऐसी बातें शुरू हो गई थीं, जिनके बारे में शायद किसी ने सोचा भी नहीं था।
सगाई के समय लड़की के पिता ने अपनी तरफ से कोई कमी नहीं रखी। होटल, मेहमानों के ठहरने, आने-जाने, खाने और फोटोग्राफी तक का इंतजाम उन्होंने किया। इन सबमें करीब आठ लाख रुपये खर्च हुए, जबकि लड़के वालों की तरफ से लगभग डेढ़ लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बाद लड़के की मां ने लड़की के पिता से 21 लाख रुपये नकद देने की बात कही। पिता ने साफ कह दिया कि अगर रिश्ता इतनी बड़ी रकम पर टिका है, तो वह शादी से पीछे हटने के लिए भी तैयार हैं। हालांकि, लड़के ने दहेज लेने से मना कर दिया था। उसने साफ कह दिया था कि उसे दहेज नहीं चाहिए। लेकिन शादी के बाद जब मेरी दोस्त को नकद पैसे न मिलने के ताने सुनने पड़े, तो उसे भी बुरा लगा होगा। जब लड़का खुद दहेज नहीं चाहता था, तो फिर उसके घर में इस बात को लेकर इतनी नाराजगी क्यों थी?
एक पिता अपनी बेटी की शादी में क्या-क्या करता है, इसे शायद पैसों में गिनना आसान हो, लेकिन उसके पीछे की भावना को समझना उतना आसान नहीं। उसने भी अपनी बेटी की शादी में अपनी तरफ से हर जरूरी इंतजाम किया। शादी में आने-जाने के लिए दो ट्रैवलर बसों की व्यवस्था, रहने और खाने का इंतजाम, खरीदारी, लड़के वालों के कपड़े, बेटी के लिए सोने के गहने और बाद में रिसेप्शन का खर्च—इन सबकी जिम्मेदारी भी उसके पिता ने उठाई। शादी के कुछ खर्चों के लिए लड़के ने भी कर्ज लिया था। दोनों तरफ से अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार खर्च किया गया, लेकिन शादी के बाद भी पैसों की बात खत्म नहीं हुई।
शादी के बाद जब मेरी दोस्त को यह सुनना पड़ा कि उसके पिता ने नकद दहेज नहीं दिया, तो शायद उसे सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात से हुई होगी कि जिस पिता ने अपनी बेटी की शादी में अपनी तरफ से सब कुछ किया, उसी के बारे में इस तरह बातें कही जा रही थीं। वह जानती थी कि उसके पिता ने क्या-क्या किया है। इसलिए जब बार-बार ऐसी बातें सुनने को मिलीं, तो उसने भी सामने से जवाब दिया और एक-एक खर्च के बारे में बताया। लेकिन अपने माता-पिता के लिए बोलना भी उसके लिए आसान नहीं रहा होगा। जिस घर में वह नई जिंदगी शुरू करने आई थी, वहीं उसे अपने परिवार की तरफ से किए गए खर्च का हिसाब समझाना पड़ रहा था।
मैं सोचती हूं कि शादी के बाद एक लड़की से कितनी सारी उम्मीदें की जाती हैं। वह नए घर में सबके साथ तालमेल बैठाए, नए लोगों को समझे और धीरे-धीरे उस घर का हिस्सा बने। वह भी यही चाहती है कि उसे अपनापन मिले। लेकिन अगर शुरुआत ही इस एहसास के साथ हो कि उसके माता-पिता ने कुछ कम कर दिया, तो वह उस घर में खुद को सहज कैसे महसूस करेगी? हर ताने के साथ उसे सिर्फ अपनी नहीं, अपने माता-पिता की भी चिंता होने लगती है। वह शायद कई बार यह सोचती होगी कि आखिर उसके पिता ने और क्या करना बाकी छोड़ दिया था?
दहेज की बात आते ही अक्सर नकद रकम और गहनों की चर्चा होने लगती है। लेकिन इसकी सोच सिर्फ किसी से पैसे मांगने तक सीमित नहीं है। कई बार सीधे कुछ नहीं मांगा जाता, शादी में कोई कमी नहीं बताई जाती, फिर भी बाद में लड़की को यह एहसास कराया जाता है कि उसके घर से उम्मीद के मुताबिक कुछ नहीं मिला। कभी किसी सामान को लेकर, कभी पैसों को लेकर और कभी दूसरों की शादियों से तुलना करके। नाम भले ही कुछ भी दिया जाए, लेकिन लड़की को बार-बार यह याद दिलाना कि उसके माता-पिता ने कम दिया है, उसी सोच का हिस्सा है।
यह भी जरूरी है कि हर पिता अपनी बेटी की शादी में जो खर्च अपनी खुशी और इच्छा से करता है, उसे दहेज न समझ लिया जाए। माता-पिता अपनी बेटी को उपहार देना चाहते हैं, उसके लिए अच्छा इंतजाम करना चाहते हैं, तो यह उनका प्यार है। परेशानी तब शुरू होती है जब इसी प्यार को किसी की उम्मीद या अधिकार मान लिया जाता है। जब दिए गए सामान और खर्च को भी कम बताया जाता है और शादी के बाद लड़की को उसी बात के लिए सुनना पड़ता है। एक बात मुझे बार-बार सोचने पर मजबूर करती है। अगर शादी दोनों की पसंद से हुई थी, दोनों परिवारों ने रिश्ता स्वीकार किया था और लड़के ने भी दहेज लेने से मना कर दिया था, तो फिर शादी के बाद लड़की को अपने माता-पिता के खर्च का हिसाब क्यों देना पड़े? क्या किसी लड़की की कीमत इस बात से तय होगी कि उसके पिता ने शादी में कितने पैसे खर्च किए? दहेज न लेने की बात सिर्फ कहने के लिए नहीं होनी चाहिए। यह बात घर के व्यवहार में भी दिखनी चाहिए। हम अक्सर कहते हैं कि समय बदल रहा है, लड़कियां अपनी पसंद से शादी कर रही हैं, परिवार भी उनकी पसंद को स्वीकार कर रहे हैं। लेकिन सिर्फ पसंद की शादी हो जाना बदलाव नहीं है। असली बदलाव तब होगा जब शादी के बाद भी लड़की को उतना ही सम्मान मिले, जितना शादी से पहले उसे देने की बात कही गई थी।
शादी के बाद जब मेरी दोस्त को बार-बार पैसों की बात सुननी पड़ी, तो मुझे यही लगा कि आखिर उसके पिता ने जो कुछ किया, वह किसके लिए किया था? अपनी बेटी की शादी के लिए ही तो। उन्होंने अपनी तरफ से कोई कमी नहीं रखी, फिर भी बात वहीं आकर रुक गई कि नकद पैसे क्यों नहीं दिए। शायद दहेज की सोच यही है कि कितना भी कर लो, अगर सामने वाले की उम्मीद पूरी नहीं हुई तो सब कम ही लगता है। और सबसे ज्यादा तकलीफ तब होती है, जब इन सब बातों का जवाब बेटी को देना पड़ता है।

0 Comments