BREAKING NEWS
|
ताज़ा ख़बरें लोड हो रही हैं...

त्योहारों की चमक के पीछे की अनकही कहानियाँ | Beyond the Festival Lights

दिवाली के दिनों में बाजार जाना मुझे हमेशा अच्छा लगता है। हर तरफ कुछ अलग-सी हलचल होती है। कहीं रंग-बिरंगे दीये सजे होते हैं, कहीं फूलों की दुकान पर भीड़ लगी होती है, तो कहीं लोग अपने घर के लिए सजावट का सामान चुन रहे होते हैं। हम भी बाजार जाते हैं, अपनी पसंद की चीजें खरीदते हैं और त्योहार की तैयारियों में लग जाते हैं। लेकिन इस बार सोचती हूं कि बाजार से लौटते वक्त क्या हम कभी उन लोगों को भी याद रखते हैं, जिनकी वजह से बाजार इतना खूबसूरत दिखाई देता है? उन दुकानदारों को, जो घंटों अपनी दुकान पर बैठे ग्राहक का इंतजार करते हैं; उन कारीगरों को, जिनके हाथों से मिट्टी के दीये आकार लेते हैं। हम उनकी बनाई चीजें तो अपने घर ले आते हैं, लेकिन क्या कभी उनके बारे में भी सोचते हैं? क्या उनके घरों में भी त्योहार की उतनी ही रौनक होती है, जितनी हमारे घरों में होती है?

मैं जब इन बातों के बारे में सोचती हूं, तो त्योहारों की एक दूसरी तस्वीर भी सामने आने लगती है। एक तरफ घरों में मिठाइयां बन रही होती हैं, नए कपड़े खरीदे जा रहे होते हैं और लोग अपनों से मिलने की तैयारी कर रहे होते हैं। दूसरी तरफ कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जिनके लिए इन दिनों काम और जिम्मेदारियां पहले से कहीं ज्यादा बढ़ जाती हैं। उनके लिए त्योहार की तारीख कैलेंडर में दर्ज कोई छुट्टी नहीं, बल्कि कमाई की उम्मीद से जुड़ा एक जरूरी समय होता है। उनकी अपनी भी इच्छाएं होंगी, घर में बच्चे होंगे, परिवार होगा, लेकिन कई बार इन सबके बीच काम को पहले रखना पड़ता है।

कुम्हारों को ही देख लीजिए। दिवाली आने से काफी पहले वे मिट्टी के दीये बनाने में जुट जाते हैं। उन्हें सुखाना, पकाना, रंगना और फिर बाजार तक पहुंचाना आसान काम नहीं है। एक-एक दीये के पीछे उनका समय और मेहनत लगी होती है। हम बाजार में खड़े होकर अक्सर कीमत कम करवाने की कोशिश करते हैं। कभी-कभी सोचती हूं कि जिस दीये की कीमत कुछ रुपये कम करवाने के लिए हम इतनी देर बात करते हैं, उसे बनाने वाले के लिए वही कुछ रुपये कितने मायने रखते होंगे। हमारे घर में वह दीया कुछ घंटों के लिए रोशनी करेगा, लेकिन उसे बनाने वाले ने शायद कई दिन उसकी तैयारी में लगाए होंगे।

दुर्गा पूजा के समय भी कुछ ऐसा ही होता है। मूर्तियां बनाने वाले कारीगर महीनों पहले से काम शुरू कर देते हैं। किसी के हाथ मिट्टी को आकार दे रहे होते हैं, कोई रंगों से मूर्ति को सुंदर बना रहा होता है और कोई पंडाल की सजावट में लगा होता है। हम पंडाल में जाते हैं, तस्वीरें खिंचवाते हैं और उसकी खूबसूरती की तारीफ करते हैं। लेकिन उस खूबसूरती को तैयार करने वाले कितने लोगों के चेहरे हमारी यादों में रह जाते हैं? शायद एक भी नहीं। हम अक्सर बनाई गई चीज़ को याद रखते हैं, उसे बनाने वाले को नहीं।

छठ के दिनों में बाजारों और घाटों का नजारा भी बदल जाता है। फल बेचने वाले, सूप और दउरा बनाने वाले, पूजा का सामान लेकर बैठे छोटे दुकानदार—हर तरफ लोगों की भीड़ होती है। किसी के लिए ये कुछ दिन पूरे साल की कमाई का सहारा होते हैं। कोई सुबह जल्दी दुकान खोलता है, तो कोई देर शाम तक ग्राहकों का इंतजार करता है। हम पूजा का सामान खरीदकर घर लौट जाते हैं, लेकिन उस दुकानदार के लिए दिन शायद तब तक खत्म नहीं होता, जब तक वह अपना सामान समेटकर घर नहीं पहुंच जाता। उसके घर में भी छठ होता होगा, उसकी भी कुछ तैयारियां होंगी। बस, उन्हें पूरा करने के लिए उसके पास उतना समय नहीं होता होगा जितना हमारे पास है।

आज त्योहारों की खरीदारी का तरीका भी बदल रहा है। ऑनलाइन सामान मंगवाना आसान हो गया है। बाजार में मशीनों से बनी सजावटी चीजें कम कीमत पर मिल जाती हैं। हम अपनी सुविधा के हिसाब से खरीदारी करते हैं और इसमें कुछ गलत भी नहीं है। लेकिन इसी सुविधा के बीच कभी उन छोटे दुकानदारों का ख्याल आता है, जो अपनी दुकान पर बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते हैं? उनके पास न बड़े विज्ञापन हैं, न अपने सामान को हजारों लोगों तक पहुंचाने का कोई आसान तरीका। उनकी उम्मीद बस इतनी होती है कि त्योहार के इन दिनों में कुछ अच्छी बिक्री हो जाए। हो सकता है हमारी एक छोटी-सी खरीदारी उनके लिए उस दिन की सबसे अच्छी बात बन जाए।

और फिर कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनके बिना त्योहार की कल्पना करना मुश्किल है, लेकिन जिनका नाम शायद ही कभी हमारी बातचीत में आता है। सफाई कर्मचारी, बिजली ठीक करने वाले लोग, सुरक्षा में तैनात कर्मचारी और वे सभी लोग जो त्योहार के दिन भी अपनी ड्यूटी पर रहते हैं। जब हम साफ घाट पर पूजा करते हैं, रोशनी से सजे बाजार में घूमते हैं या सुरक्षित महसूस करते हुए घर लौटते हैं, तो इसके पीछे कई लोगों का काम होता है। उनके लिए भी तो त्योहार का दिन बाकी दिनों से अलग होता होगा। उनके घर में भी कोई इंतजार कर रहा होगा। शायद बच्चे पूछते होंगे कि इस बार त्योहार पर कब घर आओगे? और शायद उनके पास हर बार इसका कोई पक्का जवाब नहीं होता।


मुझे लगता है कि त्योहारों की सबसे खूबसूरत बात यही होनी चाहिए कि उनमें हर किसी के लिए थोड़ी खुशी हो। ऐसा नहीं कि किसी के घर की रौनक बढ़ाने के लिए किसी दूसरे के घर की खुशियां पीछे छूट जाएं। मैं यह नहीं कहती कि हम त्योहार मनाना छोड़ दें या अपनी पसंद की चीजें खरीदना बंद कर दें। बस इतना कि कभी अपनी खुशियों के बीच उन लोगों को भी देख लें, जो हमारी खुशी की तैयारी में लगे हैं। किसी छोटे दुकानदार से सामान खरीद लेना, किसी कारीगर को उसकी मेहनत का सही दाम देना या किसी सफाई कर्मचारी को सम्मान से धन्यवाद कह देना बहुत बड़ी बातें नहीं हैं। लेकिन हो सकता है, किसी के लिए ये छोटी-सी बातें भी मायने रखती हों।

अगली बार जब घर में दीये जलें, पंडाल रोशनी से भर जाएं या पूजा के लिए बाजार से सामान आए, तो शायद एक बार उन हाथों को भी याद करना चाहिए, जिन्होंने हमारी खुशियों की तैयारी की है। कभी-कभी मन में यह सवाल आता है कि हम अपने घरों की रोशनी के लिए कितनी तैयारियां करते हैं, लेकिन क्या उन लोगों के घरों तक भी उतनी ही खुशी पहुंच पाती है, जो हमारे लिए यह सब तैयार करते हैं? मैं चाहती हूं कि त्योहारों की तस्वीर में वे लोग भी दिखाई दें। सिर्फ इसलिए नहीं कि उन्होंने हमारे लिए काम किया है, बल्कि इसलिए कि उनकी भी अपनी जिंदगी है, अपने सपने हैं और अपने त्योहार हैं। आखिर रोशनी का मतलब सिर्फ अपने घर को जगमगाना तो नहीं होता। थोड़ी-सी रोशनी किसी और के हिस्से में भी पहुंच सके, शायद तभी त्योहार सच में खूबसूरत बनता है।

Post a Comment

0 Comments