कुछ दिन पहले मैं राज शमानी का एक पॉडकास्ट देख रही थी। उसमें मेजर ऋषभ से उनकी ज़िंदगी, वर्दी और वर्दी के बाद की ज़िंदगी को लेकर बातचीत हो रही थी। पॉडकास्ट देखने से पहले मेरे मन में भी शायद वही तस्वीर थी, जो अक्सर किसी Army officer को देखकर हमारे मन में बनती है। वर्दी, सम्मान, अनुशासन और इतनी बड़ी जिम्मेदारियाँ। ऊपर से राष्ट्रपति के साथ काम करने का मौका। बाहर से देखने पर लगता है—कितनी अलग और कितनी शानदार ज़िंदगी होगी। लेकिन उस बातचीत को सुनते-सुनते मेरे मन में एक बात अटक गई। हम किसी की ज़िंदगी को उसकी उपलब्धियों से तो देखते हैं, लेकिन उन उपलब्धियों के लिए उसे क्या कीमत चुकानी पड़ी, यह अक्सर नहीं देखते। हमें वर्दी दिखाई देती है, सम्मान दिखाई देता है, राष्ट्रपति के साथ काम करने की तस्वीर दिखाई देती है। हमें वह सब दिखाई देता है, जिस पर गर्व होता है। लेकिन इन सबके लिए अपनी निजी ज़िंदगी में क्या कीमत चुकानी पड़ी, यह तस्वीर के उस हिस्से में होता ही नहीं जो हमें दिखाया जाता है। शायद किसी भी नौकरी की कीमत सिर्फ उतनी नहीं होती, जितने घंटे हम काम करते हैं। कभी-कभी उसकी कीमत वह समय भी होता है, जो हम अपने लिए और अपने लोगों के लिए नहीं दे पाते। काम के घंटे तो खत्म हो जाते हैं, लेकिन उनके कारण खोए हुए कुछ पल वापस नहीं आते। और यहीं से मुझे अपनी ही ज़िंदगी के बहुत सारे छोटे-छोटे पल याद आने लगे।
हमारे लिए परिवार के साथ कहीं घूमने चले जाना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। त्योहार आया तो घर में सबके साथ रहना है। दोस्तों ने अचानक मिलने को कहा तो मिल लिए। कॉलेज में कोई खास दिन था तो दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवा लीं, घंटों बैठे रहे। किसी का जन्मदिन आया तो साथ केक काट लिया। कभी परिवार के साथ बाहर जाने का मन हुआ तो योजना बना ली। ये सब इतना सामान्य है कि हम इनके लिए शायद ही कभी रुककर सोचते हैं। बल्कि कई बार इन्हीं पलों के बीच हम अपने जीवन से परेशान बैठे होते हैं। लगता है कि कुछ नया हो ही नहीं रहा। वही घर, वही दोस्त, वही त्योहार, वही कॉलेज, वही रोज़ की बातें। तब कहाँ पता होता है कि यही “वही-वही” चीज़ें एक दिन हमारी सबसे प्यारी यादों में बदल जाएँगी। शायद जब कोई ऐसी नौकरी चुनता है, जिसमें कर्तव्य सबसे पहले आता है, तो उसे सिर्फ अपने काम के घंटे नहीं देने होते। कई बार उसे अपने समय का वह हिस्सा भी देना पड़ता है, जो बाकी लोग अपने परिवार, दोस्तों या खुद के साथ बिताते हैं। कई बार परिवार से दूर रहना पड़ता है। कई त्योहार घर पर नहीं बीतते। दोस्तों के साथ अचानक मिलने का समय नहीं निकलता। किसी खास दिन घर पहुँचने की इच्छा होने के बावजूद ड्यूटी पहले आ जाती है। परिवार के साथ घूमने का एक मौका निकल जाता है, किसी दोस्त की ज़िंदगी का एक खास दिन बीत जाता है। और हमें लगता है—कोई बात नहीं, अगली बार। लेकिन हर बार अगली बार नहीं आता। कुछ पल बस एक बार आते हैं। कुछ उम्रें दोबारा नहीं आतीं। कुछ त्योहार हर साल वापस आते हैं, लेकिन वही लोग, वही उम्र और वही परिस्थिति साथ नहीं आती। शायद बाहर से देखकर हम इसी हिस्से को भूल जाते हैं।
हम किसी अधिकारी को राष्ट्रपति के साथ खड़ा देखकर कहते हैं—“क्या शानदार ज़िंदगी है!” और हो सकता है वह ज़िंदगी सच में शानदार हो। उसमें गर्व हो, सम्मान हो, उपलब्धियाँ हों और अपने काम को लेकर एक अलग तरह की संतुष्टि भी हो। लेकिन शायद उसी तस्वीर के पीछे किसी घर में किसी ने इंतज़ार भी किया होगा। किसी माँ ने सोचा होगा कि इस बार त्योहार पर बेटा आएगा या नहीं। किसी दोस्त ने मिलने की तारीख आगे बढ़ाई होगी। किसी परिवार ने साथ घूमने की योजना बिना उस इंसान के बना ली होगी, क्योंकि उसे पता था कि वह शायद नहीं आ पाएगा। ये बातें हमें दिखाई नहीं देतीं। और शायद यही बात मुझे सबसे ज्यादा सोचने पर मजबूर करती है। हम किसी की ज़िंदगी का नतीजा देखते हैं, रास्ता नहीं। हमें मेडल दिखाई देता है, उसके पीछे की मेहनत नहीं। तस्वीर दिखाई देती है, उस तस्वीर तक पहुँचने से पहले के साल नहीं। किसी उपलब्धि पर मिलने वाला सम्मान दिखाई देता है, लेकिन उस दौरान कितने सामान्य दिन असामान्य तरीके से गुजरे होंगे, यह नहीं दिखाई देता। बात सिर्फ Army की नहीं है। ऐसी बहुत-सी नौकरियाँ और जिम्मेदारियाँ हैं, जहाँ इंसान को अपने काम के लिए अपनी निजी ज़िंदगी के साथ समझौते करने पड़ते हैं। फर्क बस इतना है कि हम अक्सर सामने दिखाई देने वाली सफलता को देखते हैं, उसके पीछे छूटे हुए हिस्से को नहीं। शायद इसलिए किसी की ज़िंदगी देखकर यह कहना बहुत आसान है कि “कितनी अच्छी लाइफ है।” अच्छी हो सकती है। गर्व देने वाली भी हो सकती है। उसमें सम्मान और उपलब्धियाँ भी हो सकती हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसमें कोई कीमत नहीं चुकानी पड़ी। हर उपलब्धि के पीछे सिर्फ मेहनत नहीं होती। कभी-कभी कुछ ऐसी चीज़ें भी होती हैं जिन्हें इंसान वापस नहीं पा सकता।
मुझे उस बातचीत की एक और बात ने सोचने पर मजबूर किया—वर्दी उतर जाने के बाद भी वर्दी पूरी तरह उतरती नहीं है। पद खत्म हो सकता है, नौकरी खत्म हो सकती है, लेकिन सालों का अनुशासन, समय की पाबंदी, जिम्मेदारी और हर चीज़ को थोड़ा सतर्क होकर देखने की आदत इंसान के साथ रह जाती है। जिस तरह की दिनचर्या में सालों तक जीवन बीता हो, उससे अचानक बिल्कुल अलग हो जाना शायद इतना आसान नहीं होता। हम अक्सर सोचते हैं कि किसी ने अपनी नौकरी पूरी कर ली, अब उसकी ज़िंदगी सामान्य होगी। लेकिन शायद कुछ नौकरियाँ पूरी करने के बाद इंसान के अंदर बहुत कुछ ऐसा रह जाता है, जो नौकरी के साथ खत्म नहीं होता। और शायद यही वजह है कि अब जब मैं किसी वर्दी को देखूँगी, तो सिर्फ वर्दी नहीं देखूँगी। सम्मान तो पहले भी था और रहेगा। लेकिन उसके साथ एक सवाल भी रहेगा— इस वर्दी तक पहुँचने और इसे निभाने के लिए उस इंसान ने अपनी ज़िंदगी में क्या कीमत चुकाई होगी?
- कितने रविवार खोए होंगे।
- कितने त्योहार।
- कितनी मुलाकातें।
- कितने जन्मदिन।
- कितनी बार परिवार के साथ बैठने का मन हुआ होगा और ड्यूटी बीच में आ गई होगी।
- कितने ऐसे छोटे-छोटे पल, जिन्हें हम अपनी ज़िंदगी में इतना मामूली समझते हैं कि उनकी कीमत ही नहीं समझते।
क्योंकि सच तो यह है कि—हमें उनकी वर्दी दिखाई देती है, सम्मान दिखाई देता है, उपलब्धियाँ दिखाई देती हैं। लेकिन उस वर्दी के लिए चुकाई गई कीमत और उसमें खोए हुए पल दिखाई नहीं देते। और शायद अगली बार जब किसी की ज़िंदगी हमें दूर से बहुत शानदार लगे, तो एक पल के लिए यह भी सोचना चाहिए— जो हमें उनकी ज़िंदगी की सबसे खूबसूरत तस्वीर लग रही है, हो सकता है उसके पीछे उनकी ज़िंदगी के कुछ सबसे कीमती पल छिपे हों। शायद किसी की ज़िंदगी को समझने के लिए सिर्फ यह देखना काफी नहीं कि उसने क्या पाया। कभी-कभी यह भी देखना पड़ता है कि उसे पाने के रास्ते में उसने क्या-क्या खोया।

0 Comments