कभी-कभी मैं सोचती हूँ कि लिखने का शौक रखने वाले लोगों के लिए यह कितना अजीब समय है। एक तरफ हम ऐसे दौर में जी रहे हैं जहाँ अपने मन की बात कहने के लिए शब्द ढूँढ़ने में घंटों लगा सकते हैं और दूसरी तरफ एक ऐसी तकनीक हमारे सामने है जो कुछ ही सेकंड में हमारी जगह पूरी कहानी लिखकर रख देती है। उसे बस इतना बताना होता है कि किस विषय पर लिखना है और किस तरह के शब्द चाहिए। फिर चाहे किसी के बिछड़ने का दुख हो, किसी रिश्ते की खूबसूरती हो या समाज में घट रही किसी घटना पर अपनी बात रखनी हो, सब कुछ तैयार मिल जाता है।
मैं खुद लिखती हूँ। कभी किसी खबर को पढ़कर मन में सवाल उठते हैं, कभी किसी छोटी-सी घटना पर कुछ कहने का मन करता है और कभी ऐसी बातें लिखने बैठ जाती हूँ जिन्हें शायद किसी से कह पाना इतना आसान नहीं होता। कई बार एक लेख की शुरुआत करने में ही काफी समय लग जाता है। जो बात मन में होती है, वह कागज़ पर आते-आते कुछ और हो जाती है। फिर शब्द बदलती हूँ, वाक्य मिटाती हूँ और दोबारा लिखती हूँ। कई बार पूरा लेख पढ़ने के बाद भी लगता है कि जो कहना चाहती थी, वह अभी पूरी तरह कह नहीं पाई।
लेकिन शायद मुझे लिखने से जोड़कर रखने वाली बात भी यही है। हर बार अपने मन की बात को शब्दों में ढालने की कोशिश करना।
अब जब AI हमारे बीच है, तो लिखने का तरीका भी बदल रहा है। किसी विषय पर जानकारी चाहिए, लेख की रूपरेखा बनानी हो या अपने विचारों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करना हो, यह हमारी मदद कर सकता है। मैं यह नहीं कहूँगी कि इसका इस्तेमाल गलत है। आखिरकार, हर नई तकनीक अपने साथ कुछ सुविधाएँ लेकर आती है और AI भी उनमें से एक है। लेकिन एक लेखक होने के नाते कभी-कभी मन में यह सवाल जरूर आता है कि अगर सब कुछ इतनी आसानी से लिखा जा सकता है, तो फिर उस इंसान की पहचान क्या होगी जो अपने शब्दों के साथ घंटों बिताता है?
आजकल सोशल मीडिया पर कई ऐसी कविताएँ, संदेश और लेख दिखाई देते हैं जिनके शब्द बेहद खूबसूरत होते हैं। उन्हें पढ़कर अच्छा भी लगता है। लेकिन कभी-कभी मन में एक सवाल उठता है कि क्या अब हम अपनी भावनाएँ भी खुद व्यक्त करना भूलते जा रहे हैं? किसी को याद करने पर उसके लिए कुछ लिखने के बजाय तैयार शब्द खोज लेते हैं। किसी के जन्मदिन पर अपनी तरफ से कुछ कहने के बजाय एक खूबसूरत संदेश बनवा लेते हैं। दुख हो, खुशी हो या नाराज़गी, हर भावना को व्यक्त करने के लिए हमारे पास अब एक आसान रास्ता मौजूद है।
लेकिन क्या किसी भावना को व्यक्त कर देना और उसे सच में अपने शब्दों में कह पाना एक ही बात है?
मुझे लगता है कि लिखने की खूबसूरती हमेशा सही शब्द चुन लेने में नहीं होती। कई बार हम कुछ ऐसा लिख देते हैं जो भाषा की दृष्टि से बहुत साधारण होता है, लेकिन उसमें हमारी अपनी कोई याद छिपी होती है। कोई ऐसा अनुभव जिसे हम चाहकर भी भूल नहीं पाते। कोई ऐसी बात जिसे लिखने के बाद मन थोड़ा हल्का महसूस करता है। जरूरी नहीं कि हर वाक्य बहुत प्रभावशाली हो या हर लेख पढ़ने वाले को पसंद आए। कभी-कभी अपने मन की बात ठीक उसी तरह लिख पाना भी बहुत होता है।
एक लेखक के लिए सबसे मुश्किल काम शायद लिखना नहीं, बल्कि यह तय करना होता है कि वह जो लिख रहा है, क्या वह सच में उसकी अपनी आवाज़ है?
मुझे यह भी लगता है कि इस बदलाव से सबसे ज्यादा सवाल उन लोगों के सामने खड़े होंगे जो अभी अपनी लेखन यात्रा शुरू कर रहे हैं। जिन्होंने अभी लिखना सीखा ही है, जो अपनी भाषा और अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जब उनके आसपास इतनी आसानी से तैयार लेख और कविताएँ उपलब्ध होंगी, तो उनके मन में भी यह सवाल आ सकता है कि इतनी मेहनत करने की जरूरत ही क्या है? जब कुछ सेकंड में बेहतर शब्द मिल सकते हैं, तो अपने शब्दों के साथ इतना समय क्यों बिताया जाए?
लेकिन शायद हमें यह समझने की जरूरत है कि लेखन कोई ऐसी दौड़ नहीं है जिसमें सबसे पहले लिखने वाला ही जीतता है। किसी विषय पर लिखने से पहले उसे समझना, उससे जुड़े सवालों को पहचानना और फिर अपनी बात रखने की हिम्मत जुटाना भी लेखन का हिस्सा है। खासकर पत्रकारिता में, जहाँ एक खबर के पीछे कई लोगों की जिंदगी और कई अनकही कहानियाँ होती हैं। वहाँ सिर्फ सुंदर भाषा काफी नहीं होती। सही सवाल पूछना और अपनी जिम्मेदारी समझना भी उतना ही जरूरी है।
मैं AI को अपने लिए एक सहायक साधन के रूप में देख सकती हूँ, लेकिन अपनी सोच की जगह उसे नहीं देना चाहती। अगर कभी कोई विचार समझने में मदद मिल जाए, भाषा सुधारने का सुझाव मिल जाए या किसी विषय को देखने का एक नया नजरिया मिल जाए, तो इसमें परेशानी नहीं होनी चाहिए। परेशानी शायद तब है जब हम अपनी तरफ से सोचना ही छोड़ दें और हर बार किसी और के तैयार किए शब्दों को अपनी आवाज़ मानने लगें। क्योंकि एक लेखक की पहचान सिर्फ इस बात से नहीं होती कि उसने कितने अच्छे शब्द लिखे हैं। उसकी पहचान इस बात से भी होती है कि वह किन बातों पर रुकता है, किन घटनाओं को देखकर सवाल करता है और किन छोटी-छोटी चीजों में ऐसी बातें खोज लेता है जिन्हें बाकी लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। हो सकता है आने वाले समय में AI और बेहतर लिखने लगे। हो सकता है कि वह ऐसी कविताएँ और लेख तैयार करे जिन्हें पढ़कर कोई आसानी से अंतर न समझ पाए। लेकिन ऐसे समय में हमें अपने आप से एक सवाल जरूर पूछना चाहिए—क्या हम अपनी बात कहने की क्षमता को बचाकर रख पा रहे हैं?
शायद मैं थोड़ी पुरानी सोच की हूँ, लेकिन आज भी मुझे अपने लिखे शब्दों से एक अलग लगाव है। मुझे अच्छा लगता है किसी विषय पर देर तक सोचना, एक ही वाक्य को कई बार बदलना और फिर अचानक किसी ऐसे शब्द का मिल जाना जिसकी तलाश काफी देर से थी। हो सकता है मेरा लिखा हर किसी को पसंद न आए, हो सकता है मेरे शब्द हमेशा उतने खूबसूरत भी न हों, लेकिन उनमें मेरी अपनी सोच होती है। मैं नहीं चाहती कि एक दिन लिखते हुए मुझे यह सोचना पड़े कि मेरे शब्दों में मेरा अपना कितना कुछ बचा है। AI लिख सकता है, शायद मुझसे बेहतर भी लिख दे, लेकिन मैं अपनी बात अपने तरीके से कहने की कोशिश करना नहीं छोड़ना चाहती। आखिर, लिखना मेरे लिए सिर्फ अच्छे शब्द चुनना नहीं, बल्कि अपने भीतर चल रही बातों को कहीं जगह देना भी है।

0 Comments